मोदी जी से नफरत करते-करते राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह अब अंधे हो गए हैं: गौरव भाटिया
दिल्ली, भारत। नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में आज बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जोरदाा हमला बोला है।
भारत जोड़ा यात्रा तो नाम की है :
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा- आज हमें बड़े भारी मन से ये कहना पड़ रहा है कि भारत जोड़ा यात्रा तो नाम की है... भारत को तोड़ने का कार्य स्वयं राहुल गांधी और कांग्रेस के तमाम नेता उनके निशाने पर कर रहे हैं। सुर्खियों में बने रहने के लिए गैर जिम्मेदाराना बयान देना कांग्रेस पार्टी का चरित्र है लेकिन अगर आप भारतीय सेना के खिलाफ बोलेंगे तो ये देश सहन नहीं करेगा।
राहुल गांधी की यात्रा के दौरान लोगों को एकजुट करने और प्यार और शांति फैलाने के दावे नाम मात्र का कार्य है, लेकिन असली मकसद भारत को तोड़ना है। दिग्विजय सिंह के बयान उसी का एक उदाहरण हैं और सिंह द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा यह दर्शाती है कि यह भारत तोड़ो यात्रा है।
BJP प्रवक्ता गौरव भाटिया
मोदी जी से नफरत करते करते राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह अब अंधे हो गए हैं और उनको अपनी जिम्मेदारी का भी अब अहसास नहीं है। देश के लिए भक्तिभाव भी उनके भीतर समाप्त हो गया है।
विपक्षी पार्टियों की जनता के प्रति जिम्मेदारी होती है लेकिन कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद यह देसी आतंकवाद का परिणाम है। कांग्रेस पार्टी के मुताबिक आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले देश को क्लीन चिट देना जरूरी था।
दिग्विजय सिंह का कहना है कि, सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत नहीं दिया है। कांग्रेस हमारे रक्षा बलों के शौर्य पर सवाल उठा रही है, उन्हें हमारी रक्षा करने वाले लोगों पर भरोसा नहीं है।
जब सर्जिकल स्ट्राइक हुई तो सेना से प्रमाण मांगा गया। राहुल गांधी की इस यात्रा का असल मकसद है भारत की एकता को खंडित करना। जो हमारी संवैधानिक प्रणाली है उस पर कांग्रेस का विश्वास नहीं है, हमारी वीर सेना पर इनका विश्वास नहीं है और बार बार इस तरह के सवाल उठा कर ये सेना और देश के नागरिकों का अपमान करते हैं।
जब भी हमारी वीर सेना अपना पराक्रम दिखाती है तो सबसे अधिक दर्द उस देश को होता है जिसको सबक सिखाया जाता है, जो विश्व में अपनी आतंकी गतिविधियों को लेकर जाना जाता है, लेकिन यह दुखद है कि दर्द भारत की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को होता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।