सपा सरकार बनने पर बहाल होगी पुरानी पेंशन व्यवस्था : अखिलेश यादव
सपा सरकार बनने पर बहाल होगी पुरानी पेंशन व्यवस्था : अखिलेश यादवSyed Dabeer Hussain - RE

सपा सरकार बनने पर बहाल होगी पुरानी पेंशन व्यवस्था : अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने गुरुवार को बड़ी चुनावी घोषणा करते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल कर दिया जायेगा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को बड़ी चुनावी घोषणा करते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल कर दिया जायेगा। अखिलेश ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षक और अध्यापक सहित लगभग 12 लाख कर्मचारियों की पेंशन व्यवस्था बहाल होने से बड़ी राहत मिलेगी। इस दौरान कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

इसके अलावा उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए 'कैशलेस हेल्थ स्कीम' भी चुनाव के बाद सपा सरकार बनने पर शुरु करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सपा की पिछली सरकार में सरकारी कर्मचारियों के लिए कैशलेस हेल्थ स्कीम को लागू करने की कार्ययोजना बनाई गई थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने इसका सिर्फ नाम बदल दिया, मगर लागू अभी तक नहीं किया। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित 'यश भारती सम्मान' को भी फिर से व्यापक स्वरूप में बहाल किया जाएगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने दुराग्रह से प्रेरित होकर यश भारती सम्मान को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर राज्य स्तर पर यश भारती सम्मान और नगर स्तर पर 'नगर भारती' सम्मान भी शुरु किया जाएगा।

अखिलेश ने रोजगार देने के नाम पर सरकारी विभागों में ठेके पर कर्मचारी रखने (आउटसोर्सिंग) को खराब प्रथा बताया। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग, अप्रत्यक्ष रूप से आरक्षण को समाप्त करने की कोशिश है। उन्होंने निजीकरण को भी गलत बताते हुए कहा कि मौजूदा सरकारें सब कुछ बेचने की कोशिश में हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co