सुजानपुर में PM मोदी
सुजानपुर में PM मोदीSocial Media

सुजानपुर में बोले PM मोदी- कांग्रेस स्वभाव से विकास की दुश्मन है

हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में PM मोदी ने कहा- इस बार हिमाचल के लोग खुद ही ये चुनाव लड़ रहे और इस चुनाव का नेतृत्व कर रहे हैं और दोबारा जयराम जी की सरकार बनाने का यहां की जनता ने फैसला कर लिया है।

हिमाचल प्रदेश, भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश मिशन पर है। इस दौरान वे यहां जगह-जगह जनसभाएं कर रहे हैं। इसी बीच आज उन्होंने सुजानपुर में जनसभा को संबोधित किया।

सुजानपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा- जितना मैं हिमाचल के लोगों को जानता हूं, यहां के लोगों को जानता हूं। ये कह सकता हूं कि इस बार हिमाचल के लोग खुद ही ये चुनाव लड़ रहे हैं, खुद ही इस चुनाव का नेतृत्व कर रहे हैं और दोबारा जयराम जी की सरकार बनाने का यहां की जनता ने फैसला कर लिया है। इतने वर्षों के शासन में कांग्रेस ने जो विश्वासघात किया है, जो छल किया है, उसके सबसे बड़े भुक्तभोगी हिमाचल के लोग ही हैं। जबकि भाजपा ने हिमाचल के घर-घर को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किया है।

हिमाचल के लोग कांग्रेस को भली भांति समझ चुके हैं, जान चुके हैं। कांग्रेस को लगता है कि हिमाचल हमेशा पांच साल इसके और पांच साल उसके के फार्मूले पर ही चलेगा। इसलिए कांग्रेस के नेता हिमाचल और यहां के लोगों की कोई परवाह नहीं करते।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

  • आज हिमाचल और पूरे देश के लोग भाजपा पर बहुत विश्वास करते हैं। भाजपा पर देश का ये भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है। अभी दो-तीन दिन पहले ही देश के कुछ राज्यों में उप-चुनाव के परिणाम आए हैं। जिन क्षेत्रों में कभी भाजपा को कमजोर माना जाता था, वहां भी लोगों ने कमल का फूल बढ़-चढ़कर खिला दिया है।

  • वहीं कांग्रेस जहां बहुत ताकतवर होती थी, सरकार में होती थी या कभी मुख्य विपक्षी दल होती थी। वहां कांग्रेस की स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती ही जा रही है। जो क्षेत्र कभी कांग्रेस का गढ़ माने जाते थे, वहां से कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है।

  • कांग्रेस का इतिहास झूठे वादे और झूठी गारंटी का रहा है। कांग्रेस के राज में हमारे फौजियों के पास पर्याप्त बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं थी। कांग्रेस के राज में फौजियों के पास बर्फ में पहनने के लिए अच्छे जूते नहीं थे। कांग्रेस के राज में बॉर्डर पर सड़कें नहीं बनाई जाती थीं। कांग्रेस ने ही फौजियों को वन रैंक वन पेंशन के नाम पर 40 साल तक धोखा दिया।

  • अब बेटियों के लिए भी तीनों सेनाओं के द्वार खोल दिए गए हैं। हम सैन्य स्कूलों की संख्या भी बढ़ा रहे हैं और इसमें बेटियों को भी दाखिला मिल रहा है। हमारी सरकार, पुलिस फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों में भी बेटियों को बहुत प्रोत्साहन दे रही है।

  • आजादी के बाद 2014 तक, देश में पुलिस सेवा में लगभग 1 लाख बेटियां थीं। बीते 8 साल में ये संख्या लगभग सवा 2 लाख हो चुकी है। इसी प्रकार केंद्रीय बलों में भी बेटियों की भागीदारी 17 हजार से बढ़कर 35 हजार से ज्यादा हो चुकी है। और ये लगातार बढ़ रही है।

  • प्रधानमंत्री आवास में महिलाओं को हिस्सेदारी देने वाली भाजपा है। रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने वाली भाजपा है। घर-घर शौचालय बनाने वाली भाजपा है। घर-घर बिजली देने वाली भाजपा है घर-घर जल देने वाली भाजपा है। कोरोना के मुश्किल समय में हर गरीब को मुफ्त अनाज देने वाली भाजपा है।

  • कांग्रेस स्वभाव से विकास की दुश्मन है। वह लोगों को मुसीबत में जीने के लिए छोड़ देती है, लेकिन भाजपा हिमाचल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जा सकती है। इसलिए इस बार हिमचाल में भाजपा सरकार की वापसी जरूरी है।

  • मैं हिमाचल में जहां भी गया हूं, मैंने यहां का मिजाज देखा है। मैंने हिमाचल की जनता का संकल्प देखा है। अब हिमाचल के लोगों को समझ आ गया है कि अदला-बदली ने हिमाचल को बर्बाद करके रख दिया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com