पुडुचेरी में राहुल, कहा-छोटे व मध्यम उद्योगों, किसानों पर हो रहा होलसेल अटैक
पुडुचेरी, भारत। इस साल 2021 में कई राज्यों में चुनाव है, जिसमें केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी भी शामिल है और पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले राजनीतिक संकट पैदा हो गया है, इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश पहुंचे हैं। पुडुचेरी पहुंचने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एम सिंगारवेलर को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा राहुल गांधी ने मछुआरों से मुलाकात की।
भारतीदासन गवर्नमेंट महिला कॉलेज में बोले राहुल गांधी :
इसके बाद आज राहुल गांधी ने अपने पुडुचेरी दौरे के दौरान भारतीदासन गवर्नमेंट महिला कॉलेज में कहा- अगर 3-4 बड़ी कंपनियां देश को चलाएंगी तो हमारा भविष्य क्या होगा। यह आप लोगों को समझना जरूरी है कि, इस देश में रोज़गार छोटे और मध्यम उद्योगों, किसानों, ट्रेडर्स उपलब्ध कराते हैं। यह देश की रीड की हड्डी है।
मछुआरों से मुलाकात के दौरान बोले राहुल गांधी :
तो वहीं, मछुआरों से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की ओर से पारित तीनों कृषि कानूनों का जिक्र किया और कहा कि, मैं मछुआरों को समुद्र का किसान मानता हूं। अगर जमीन पर खेती करने वाले किसानों का दिल्ली में मंत्रालय हो सकता है तो समुद्र के किसानों का क्यों नहीं हो सकता। इसके अलावा राहुल गांधी ने मछुआरों के लिए बीमा, पैन वगैरह जैसी सुविधाएं देने की मांग की।
बता दें कि, पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने से पहले केंद्र शासित प्रदेश में कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ गई है। राज्य की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस की सरकार को पार्टी के चार विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है, इससे कांग्रेस को बड़ा झटका मिला है।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।