राहुल गांधी से पूछताछ को लेकर सरकार पर भड़के पायलट- पुलिस ने लिया हिरासत में
दिल्ली, भारत। ‘नेशनल हेराल्ड' मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से लगातार तीसरे दिन पूछताछ हो रही है। ऐसे में कांग्रेसियों का हल्ला बोल जारी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार हमले बोल रहे है। अब हाल ही में कांग्रेस नेता सचिन पायलट का बयान आया है और राहुल गांधी से पूछताछ को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
हम पर दवाब बनाना राजनीतिक साजिश है :
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने अपने बयान में कहा- हम पर दवाब बनाना राजनीतिक साजिश है। दिल्ली पुलिस पार्टी मुख्यालय में घुस कर लाठीचार्ज कर रही है। नेताओं को नजरबंद किया जा रहा है। लोकतंत्र में हमें विरोध करने का अधिकार है। हमने कोई कानून नहीं तोड़ा है। सरकार के पास हमारी आवाज को दबाने का अधिकार नहीं है।
जिस प्रकार से अनावश्यक दवाब बनाकर एजेंसी का इस्तमाल किया जा रहा है, हम उसका विरोध करते हैं। केस में कोई तथ्य और आधार नहीं है। 7 साल बाद राष्ट्रपति चुनाव और विधानसभा चुनावों के निकट पार्टी पर दवाब बनाने की कोशिश हो रही है।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट
भाजपा के प्रयास कभी सफल नहीं होंगे :
तो वहीं आज कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने ट्वीट के जरिए भी सरकार और भाजपा पर निशाना साधा और कहा- केंद्र सरकार जो नफरत और बदले की राजनीति कर रही है वह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। असत्य, अन्याय और अनीति द्वारा सत्य को दबाने के भाजपा के प्रयास कभी सफल नहीं होंगे। सत्य राहुल गांधी जी और कांग्रेस के साथ है जो किसी भी अत्याचार के समक्ष न झुकेगा और न डरेगा।
जानकारी के लिए बता दें कि, नेशनल हेराल्ड केस में ईडी राहुल गांधी से पूछताछ कर रही है। इस दौरान ईडी राहुल गांधी के जवाबों से संतुष्ट नहीं है, वे कई सवालों पर चुप रहते है। बीते दिन मंगलवार को ही ईडी ने राहुल गांधी से करीब 12 घंटे की पूछताछ की थी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।