रेप पीड़ित वाले बयान पर संबित पात्रा ने राहुल को निशाने पर लेते हुए दिया बड़ा बयान
दिल्ली, भारत। इन दिनों देश की दो प्रमुख पार्टियों भाजपा और कांग्रेस के बीच जबरदस्त जुबानी जंग छिड़ी हुई है। इस दौरान दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ लगातार बयान दे रहे है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयानों को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। अब आज रविवार को दिल्ली पुलिस के राहुल गांधी के घर जाने के बाद से यह मामला चर्चा में बना हुआ है। एक तरफ कांग्रेसी भड़के हुए है। इसी बीच अब भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा का बयान सामने आया है।
राहुल गांधी पर संबित पात्रा ने साधा निशाना :
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने अपने बयान में रेप पीड़ितों वाले बयान को लेकर राहुल गांधी को निशाने पर लिया और कहा है- जम्मू-कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि उनसे कुछ महिलाएं मिलने आई जिन्होंने बताया कि, उनके साथ छेड़छाड़ की जा रही है। जब उन्होंने कहा कि, क्या मैं इसके बारे में पुलिस को सूचित करूं, तो महिलाओं ने कहा इससे उनकी परेशानी और बढ़ जाएगी।
एक महिला के साथ रेप हुआ है और राहुल गांधी ने सांसद के रूप में देश के सामने यह बात कही, तो क्या यह जानकारी पुलिस के पास नहीं होनी चाहिए? आज पुलिस नोटिस देने उनके घर गई, उनसे उन महिलाओं के बारे में बताने का निवेदन किया। अब कांग्रेस कह रही है कि लोकतंत्र खतरे में है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा
बता दें कि, राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर में थी, तब वहां उन्होंने कहा था, महिलाओं का यौन शोषण हो रहा है। हमें शिकायतें मिली हैं कि, यहां महिलाओं का शारीरिक शोषण किया जा रहा है। इसी बयान के सिलसिले में उन्हें नोटिस जारी हुआ और दिल्ली पुलिस उनसे पूछताछ के लिए उनके घर पहुंची।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।