अफसरों पर नहीं है योगी सरकार का नियंत्रण : शिवपाल सिंह यादव
इटावा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) प्रमुख ने शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को तंज कसते हुये कहा कि योगी सरकार का अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। अपने निर्वाचन क्षेत्र ताखा के एसएस मैमोरियल महाविद्यालय में पत्रकारों से बातचीत में श्री यादव ने कहा कि ताखा तहसील में एसडीएम, तहसीलदार लोगों की शिकायतें नहीं सुनते। उन्हें भगा देते हैं। ताखा के लोगों के साथ सरकार भेदभाव कर रही है। यह मुद्दा वह सदन में उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि वास्तव में अधिकारियों पर भाजपा सरकार का नियंत्रण नहीं रह गया है। अधिकारी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। लोगों ने उनसे शिकायत करते हुए बताया कि ब्लाक क्षेत्र में बनी पानी की टंकियां बंद पड़ी हैं। इससे लोगों को पीने का शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम से फोन पर बात कर कहा कि जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएं। लोगों ने शिकायत करते हुए बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में ज्यादातर सरकारी नलकूप बंद पड़े हैं। इससे किसान परेशान हैं।
क्षेत्रीय लोगों ने शिवपाल सिंह यादव से ताखा तहसील में चरम सीमा पर हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत की। उसके बाद विधायक प्रतिनिधि चीनी यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में बहुत पीड़ित लोग है। उनके साथ ताखा एसडीएम कौशल कुमार अन्याय करते हैं और पीड़ित लोगों को न्याय नहीं दिया जाता है। जो माफिया है उनका ही ताखा एसडीएम सहयोग करते हैं।
यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। इतना ही नहीं भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। ताखा तहसील में न तो कोई लेखपाल जनता की बात सुनता है और ना ही तहसील के अधिकारी सुनते हैं। किसान शिकायत करते हैं, तो एसडीएम डाट फटकार कर तहसील से भगा देता है।
उन्होंने बताया कि यह शिकायतें आज हमें यहां आने पर मिली है। हम अधिकारियों से बात करेंगे। अगर फिर भी नहीं सुनवाई होगी तो हम ऊपर बात करेंगे। लेकिन भ्रष्टाचार तो है। ट्यूब वेल की सबसे ज्यादा शिकायतें मिली है। अधिकांश ट्यूब वेल खराब है। ताखा क्षेत्र में एक भी पानी की टंकी नहीं चल रही है।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।