किसानों को दिखाये सपने, हकीकत में झोली खाली : अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति और नीयत किसानो के हितों की अनदेखी करने वाली है। सरकारी प्रचार में किसान को बहुत कुछ देने का दावा किया जा रहा है जबकि हकीकत में उसकी झोली खाली की खाली है।
किसानों को दिखाये सपने, हकीकत में झोली खाली : अखिलेश
किसानों को दिखाये सपने, हकीकत में झोली खाली : अखिलेशSocial Media

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति और नीयत किसानों के हितों की अनदेखी करने वाली है। सरकारी प्रचार में किसान को बहुत कुछ देने का दावा किया जा रहा है जबकि हकीकत में उसकी झोली खाली की खाली है। श्री यादव ने रविवार को पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री डा केपी यादव को श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में किसान जीवन-मरण की लड़ाई लड़ रहा है। उसको मिल कुछ नहीं रहा है पर उसे दोगुनी आमदनी का रंगीन सपना देखने को मजबूर किया जा रहा है। किसानों की बदहाली की कहानी भाजपा राज में कोई सुनने वाला नहीं है। उसकी खेती की लागत दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। डीजल मंहगा है। बिजली का बिल बढ़ चढ़कर आ रहा है। खाद, बीज के दाम बढ़ गए हैं। किसानों को कर्ज मिलने में तमाम दिक्कतें पेश आती हैं। भाजपा अपने किए सभी वादे भूल गई हैं, वह सिर्फ किसानों को गुमराह करने में लगी है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ से हो रही तबाही से बेखबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार विज्ञापनी प्रचार उत्सवों के आयोजन में व्यस्त है। प्रदेश के दर्जनों जिलों में नदियां उफान पर हैं। बाढ़ की विभीषिका में फंसे लोग जान-माल की गुहार लगा रहे हैं। तटबंध टूट रहे हैं, सड़क-सम्पर्क मार्ग तेज लहरों के बहाव में ध्वस्त हो रहे हैं, हर ओर तबाही है। बेबस पशु चारा-पानी को तरस रहे हें। बीमारियां फैल रही हैं। भाजपा सरकार को इधर देखने की फुर्सत नहीं है, वह आए दिन अपनी विज्ञापनी प्रचार उत्सवों के आयोजन में व्यस्त हैं।

श्री यादव ने कहा कि फिरोजाबाद में डेंगू और वायरल से हुई मौतों के बाद भी सरकार सोयी हुई है और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के कोई प्रयास नहीं किये जा रहे हैं। प्रदेश में लचर स्वास्थ्य सेवाओं के कारण जनता बेहाल है। बारिश-जलजमाव के कारण संचारी रोग तेजी से फैल रहा है। जलजनित बीमारियों से संक्रमित रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार की ओर से संक्रमण रोकने की दिशा में कोई प्रयास नहीं हो रहा है न तो समय से दवाओं का छिड़काव हुआ और न ही इलाज की समुचित व्यवस्था।

उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद में डेंगू और वायरल से 50 से अधिक मौत होने के बाद भी शासन-प्रशासन की नींद नहीं टूटी। लखनऊ और समीपवर्ती जिले टाइफाइड की चपेट में है। लखनऊ में अब तक टाईफाइड से लगभग सौ लोग प्रभावित हो चुके है। जिला अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर बुनियादी सुविधाओं का भी अकाल है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रचार में लीन भाजपा सरकार नींद से जागे और लखनऊ व प्रदेश के शहरों, बस्तियों, गांवों में फैल रहे खतरनाक जानलेवा बुखार से प्रभावित होने वाले बच्चो और बड़ों के लिए स्तरीय चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्ति करे। वायरल फीवर से यूपी के बाल-बच्चों वाले परिवार बेहद चिंतित और भयभीत हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com