दक्षिणी हरियाणा से शुरू होगी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की जन आशीर्वाद यात्रा

नये केंद्रीय मंत्रियों की उनके क्षेत्रों मे जन आशीर्वाद यात्राओं के कार्यक्रम के तहत केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव की जन आशीर्वाद यात्रा दक्षिण हरियाणा स्थित उनके गृह जिले गुरुग्राम से शुरू होगी।
दक्षिणी हरियाणा से शुरू होगी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की जन आशीर्वाद यात्रा
दक्षिणी हरियाणा से शुरू होगी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की जन आशीर्वाद यात्राSocial Media

गुरूग्राम। नये केंद्रीय मंत्रियों की उनके क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्राओं के कार्यक्रमों के तहत केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव की जन आशीर्वाद यात्रा दक्षिण हरियाणा स्थित उनके गृह जिले गुरुग्राम से शुरू होगी।

यह यात्रा 16 और 17 अगस्त को हरियाणा के गुरुग्राम, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिले से होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी। हरियाणा में दो दिन तक रहने वाली जन आशीर्वाद यात्रा का खाका खुद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने खींचा है।

बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एक पत्रकार वार्ता में धनखड़ ने बताया कि हरियाणा में जन आशीर्वाद यात्रा का 54 स्थानों पर भव्य स्वागत होगा। इसके लिए विधायकों और जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम-दिल्ली सीमा से शुरू होने वाली केंद्रीय मंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा उनके पैतृक गांव जमालपुर में पहुंचेगी तो प्रदेश अध्यक्ष के नाते वह खुद और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी इसमें शामिल होंगे।

श्री धनखड़ ने बताया कि यात्रा व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ सके, इसके लिए प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट को इसका संयोजक बनाया गया है। जबकि पूर्व महामंत्री संदीप जोशी और पलवल के विधायक दीपक मंगला को सह संयोजक नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर हजारों कार्यकर्ता गाड़ियों में सवार होकर यात्रा में शामिल होंगे। गुरुग्राम के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए मानेसर पहुंचेगी और यहां एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित होगा। यहां से श्री यादव की जन आशीर्वाद यात्रा सीधे उनके पैतृक गांव जमालपुर पहुंचेगी जहां श्री खट्टर भी मौजूद रहेंगे।

यह यात्रा अगले दिन यानि 17 अगस्त को रेवाड़ी जिले में प्रवेश करेगी और यहां से होते हुए महेंद्रगढ़ जिले में विभिन्न स्थानों पर होते हुए गोद बलावा पहुंचेगी। यात्रा का हरियाणा में अंतिम पड़ाव गोद बलावा में होगा। गोद बलावा के बाद यह यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हरियाणा में 54 स्थानों पर भव्य स्वागत करने के लिए यात्रा में मौजूद मंत्रियों और विधायकों ने तैयारियां की हैं।

श्री धनखड़ के अनुसार गुरुग्राम के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और महेंद्रगढ़-भिवानी के सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह को भी यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। सभी नेता एकजुट होकर श्री यादव की जन आशीर्वाद यात्रा को भव्य बनाने में जुटे हुए हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com