चेस वर्ल्ड कप 2023 : फाइनल में हार के बावजूद आर प्रज्ञानंद पर हुई पैसों की बारिश, जानिए कितने पैसे मिले?
हाइलाइट्स :
चेस वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में आर प्रज्ञानंद को शतरंज के मैग्नस कार्लसन ने हराया।
फाइनल में शुरुआती 2 मुकाबले ड्रॉ होने के बाद मुकाबले का परिणाम टाईब्रेकर के जरिए निकाला गया।
प्रज्ञानंद और कार्लसन के बीच फाइनल मुकाबला तीन दिन तक चला।
राज एक्सप्रेस। भारत के उभरते हुए शतरंज खिलाड़ी 18 वर्षीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंद को चेस वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। फाइनल में आर प्रज्ञानंद को शतरंज के नंबर 1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने हराया। फाइनल में शुरुआती 2 मुकाबले ड्रॉ होने के बाद मुकाबले का परिणाम टाईब्रेकर के जरिए निकाला गया। इस दौरान प्रज्ञानंद को दोनों में ही हार का सामना करना पड़ा। हालांकि फाइनल में मिली हार के बावजूद प्रज्ञानंद पर पैसों की बारिश हुई है। तो चलिए जानते हैं कि चेस वर्ल्ड कप 2023 के रनरअप रहे प्रज्ञानंद को कुल कितना पैसा मिला।
हार के बवजूद मिले 66 लाख
आपको बता दें कि फाइनल मुकाबले में हार के बावजूद प्रज्ञानंद को बतौर रनरअप 80 हजार यूएस डॉलर यानि करीब 66 लाख रूपए बतौर प्राइज मनी दिए गए। वहीं चेस वर्ल्ड कप 2023 जीतने वाले मैग्नस कार्लसन को विजेता के तौर पर 110 हजार यूएस डॉलर यानि करीब 91 लाख रूपए की राशी दी गई।
तीन दिन तक चला फाइनल मुकाबला
गौरतलब है कि प्रज्ञानंद और कार्लसन के बीच फाइनल मुकाबला तीन दिन तक चला। 22 अगस्त को पहले दिन का खेल 70 से अधिक चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। वहीं 23 अगस्त को खेला गया मुकाबला 30 चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। इसके बाद मुकाबले का नतीजा निकालने के लिए टाईब्रेकर में 25-25 मिनट के 2 राउंड करवाए गए, जिसमें कार्लसन ने जीत हासिल की।
राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने की तारीफ
18 वर्षीय प्रज्ञानंद को भले ही फाइनल में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन फाइनल में पहुंचने से पहले उन्होंने कई दिग्गजों को हराया। उनकी इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरे देश ने उनको बधाई दी है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि, ‘आर प्रज्ञानंद ने फिडे विश्व कप फाइनल में पहुंचकर हर भारतीय का दिल जीत लिया। उन्होंने शानदार खेल दिखाया। मैं इस प्रदर्शन के लिये उन्हें बधाई देती हूं।’ वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि, ‘हमें फिडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रज्ञानानंदा पर गर्व है। उन्होंने असाधारण कौशल का प्रदर्शन करके मैग्नस कार्लसन जैसे दिग्गज को फाइनल में कड़ी टक्कर दी। यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है।’
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।