
बर्मिंघम। भारतीय मिश्रित बैडमिंटन टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शनिवार को श्रीलंका को क्लीन स्वीप कर प्रतियोगिता में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। बर्मिंघम में अपने अभियान की शुरुआत में पाकिस्तान को 5-0 से हराने के बाद भारत ने श्रीलंका पर भी 5-0 से जीत दर्ज की। अश्विनी पोनप्पा और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी ने भारत को विजयी शुरुआत दिलाते हुए सचिन दियास और थिलिनी हेंदाहेवा को 21-14, 21-9 से हराया।
इसके बाद राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण कर रहे लक्ष्य सेन ने निलुका करुणारत्ने को 21-18, 21-5 से मात दी। पहले गेम में लक्ष्य को कदम जमाने में समय लगा, लेकिन दूसरा गेम उन्होंने आसानी से जीता। साथ ही 20 वर्षीय आकर्षी कश्यप ने पदार्पण करते हुए विदारा विदनगे को एकतरफा रूप से 21-3, 21-9 से हराया। पुरुष युगल मुकाबले में जहां सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी ने 21-10, 21-13 से जीत दर्ज की, वहीं त्रिशा जॉली और गायत्री ने महिला युगल में 21-18, 21-6 के साथ विजय हासिल की।
मैराथॉन में 12वें स्थान पर रहे नितेन्द्र रावत :
भारत के नितेन्द्र रावत राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष मैराथॉन में शनिवार को 12वें स्थान पर रहे। रावत ने 2:19:22 का समय लिया। स्वर्ण युगांडा के विक्टर किपलंगत (2:10:55) ने जीता। तंजानिया के अलफोंसे सिम्बू (2:12:29) ने रजत और केन्या के माइकल जिथै (2:13:16) ने कांस्य पदक जीता। 35 वर्षीय रावत पांच किमी के बाद 16वें स्थान पर थे लेकिन 30 किमी आते-आते वह12वें स्थान पर पहुंच गए।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।