अच्छा लगता है जब हमारी मेहनत को पहचाना जाए : हरमनप्रीत सिंह
अच्छा लगता है जब हमारी मेहनत को पहचाना जाए : हरमनप्रीत सिंहSocial Media

अच्छा लगता है जब हमारी मेहनत को पहचाना जाए : हरमनप्रीत सिंह

हरमनप्रीत सिंह ने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये नामांकित होने पर कहा, अच्छा लगता है जब आपकी मेहनत को एफआईएच स्टार पुरस्कार के जरिये पहचाना जाता है।

लुसाने। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के शीर्ष ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने एफआईएच हॉकी स्टार्स अवार्ड्स 2021-22 में साल के सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी पुरस्कार के लिए नामांकित होने के बाद बुधवार को कहा कि एफआईएच पुरस्कारों के जरिये उनकी मेहनत को पहचान मिलना एक अच्छा एहसास होता है। हरमनप्रीत ने 2020-21 में भी साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता था। इस साल उनके साथ पीआर श्रीजेश (साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर), सविता (साल की सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर), मुमताज खान (साल का उभरता हुआ सितारा, महिला), ग्राहम रीड (साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष टीम कोच) और जैनेक शॉपमैन (साल की सर्वश्रेष्ठ महिला टीम कोच) को भी एफआईएच हॉकी स्टार पुरस्कार के लिये नामांकित किया गया है।

हरमनप्रीत ने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये नामांकित होने पर कहा, साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के लिए एक बार फिर नामांकित होना मेरे लिए सम्मान का विषय है। मैंने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और टीम की सफलता में योगदान देने का प्रयास किया है। अच्छा लगता है जब आपकी मेहनत को एफआईएच स्टार पुरस्कार के जरिये पहचाना जाता है। मैं भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के अन्य नामित खिलाड़ियों को भी शुभकामनाएं देना चाहता हूं।

भारतीय डिफेंडर ने कहा कि एफआईएच स्टार पुरस्कार नामांकन दिखाते हैं कि भारतीय टीमें तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, पिछली बार हमने सभी पुरस्कार जीते थे और इस बार हमें ज्यादातर के लिये नामित किया गया है, जो दिखाता है कि हमने पिछले दो सालों में शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय पुरुष और महिला टीम ने अद्भुत रफ्तार से तरक्की की है और मुझे लगता है कि हम भविष्य में इससे भी बेहतर नतीजे हासिल कर सकते हैं। यह भारतीय हॉकी के लिये बहुत ही रोमांचक समय है।

हरमनप्रीत ने भारतीय टीम के साथ एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी ढाका 2021 में कांस्य पदक जीता था, जबकि बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में टीम रजत पदक लाई थी। हरमनप्रीत ने टीम के भविष्य पर कहा, हम एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 के लिए उत्सुक हैं। हमने राष्ट्रमंडल खेलों के समापन के बाद कुछ पहलुओं पर भी काम किया है। उम्मीद है कि हम अपने खेल में आगे ओर सुधार ला सकते हैं और एक बेहतर टीम बन सकते हैं। एफआईएच हॉकी प्रो लीग के पिछले सत्र में हम तीसरे स्थान पर रहे थे। हम प्रतियोगिता के इस सत्र में अपने नतीजों को बेहतर करने के लिये काम करेंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com