इंग्लैंड ने की ऐसी धुलाई कि स्कोर देख इंडिया को याद आ गया डिटर्जेंट पाउडर

दूसरे दिन स्कोर था 555-8। जानिये गेंदबाजों की धुलाई में कब-कैसे 60 चौके, 5 छक्कों के बुलबुले निकले और वॉशिंग पावडर का स्कोर से क्या है नाता?
Photo: BCCI
Photo: BCCI- Social Media

हाइलाइट्स

  • बल्लेबाजों ने धोया जमकर

  • फील्डर्स ने टपकाए चार कैच

  • सिक्सर्स में 3+2=5 का गणित

  • भारत के विनिंग रूट पर अड़े रूट

राज एक्सप्रेस। घर गृहस्थी के बाद टीम इंडिया की कमान फिर से संभालने वाले नियमित कप्तान विराट कोहली के लिए वापसी मैच भारी पड़ रहा है। पहले दिन के बाद कप्तान जो रूट की अगुवाई में इंग्लैंड ने भारतीय गेंदबाजों को दूसरे दिन भी विकेट के तरसा दिया।

पहला दिन–

चेन्नै के चेपक स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज के पहले मैच के पहले दिन इंग्लैंड ने पहली पारी में 3 विकेट पर 263 रन बनाए।

पहले दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान रूट ने 197 गेंदों पर 128 रनों की नाबाद पारी खेली। दिन के अंतिम ओवर में डोम सिबली 87 रनों पर आउट हुए।

पहले दिन रूट और सिबली के बीच 390 गेंदों पर हुई 200 रनों की साझेदारी ने भारतीय गेंदबाजों की बखिया उखाड़ दी। पहले दिन बुमराह को दो जबकि अश्विन को एक विकेट हासिल हुआ।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए जरूरी जीत के रूट पर करियर के 100वें टेस्ट का भरपूर मजा ले रहे इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने लगभग ताला लटका दिया है।

धुलाई दूसरे दिन भी –

पहले दिन 89.3 ओवरो में 263 रनों पर 3 विकेट के स्कोर के बाद दूसरे दिन 128 रनों पर नाबाद कप्तान रूट साथी बल्लेबाज बेन स्टोक्स के साथ मैदान में उतरे। बुमराह ने पहले दिन के ओवर के कोटे की बाकी बची तीन गेंदें स्टोक्स के सामने डॉट डालीं। यह ओवर मेडन रहा।

रूट की डबल सेंचुरी के सफर का रास्ता –

इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने पहले टेस्ट के पहले दिन पहली पारी के 59वें ओवर में नदीम की गेंद पर जब फिफ्टी जमाई तब सवाल उठे क्या रूट करियर के 100वें टेस्ट में सेंचुरी जमाएंगे।

इसका जवाब 78 ओवर में मिला। इस ओवर में वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर रूट ने शानदार सैंकड़ा पूरा किया। रूट का पिछले तीन मैचों में यह लगातार तीसरा शतक रहा।

अब सवाल था क्या वे 150 रन बना पाएंगे तो 111वें ओवर में नदीम की चौथी गेंद पर रूट ने डेढ़ सौ का आंकड़ा भी छू लिया। इसके बाद रूट ने 143वें ओवर में अश्विन की गेंद पर छक्का जड़कर शानदार अंदाज में अपनी बल्लेबाजी का डंका बजाते हुए अपनी डबल सेंचुरी भी पूरी कर डाली। मतलब परफेक्ट धुलाई...

अब तक कुल 60 चौके

इंग्लैंड की बल्लेबाजी की पहली पारी में 57 चौके (एक चौका नो बॉल पर आया) बल्लेबाजों के खाते में जुड़े। जबकि बाकी के तीन चौके एक्ट्रा के रूप में लेग बाय से इंग्लैंड के योग में जुड़े। लेग बाई की मदद से पहला चौका 80.2 वें ओवर में अश्विन की गेंद पर डोम सिबली ने मारा।

दूसरा चौका 173.4वें ओवर में ईशांत शर्मा की गेंद पर डोम बेस ने हासिल किया। तीसरा चौका 179.2वें ओवर में बुमराह की गेंद पर लेग बाई से बना। इस बार भी डोम बेस ने लेग बाई की मदद से चार रन जुटाये।

छक्कों में 3-2 का गणित –

जी हां अब तक लगे पांच छक्कों में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मोर्चे पर 3+2=5 वाला गणित फिट बैठता है। जहां 2 छक्के कप्तान रूट ने जमाये जबकि स्टोक्स ने तीन छक्के मारकर गेंदबाजों को पस्त कर दिया। ठीक ऐसी ही बुरी गुजरी नदीम/अश्विन के साथ भी।

एक छक्का पहले दिन जबकि बाकी के 4 सिक्सर दूसरे दिन लगे। पहला छक्का रूट के बल्ले से निकला। फिर तीन सिक्सर स्टोक्स ने जमाये। पांचवा छक्का रूट ने लगाकर शानदार अंदाज में अपनी डबल सेंचुरी पूरी की। नदीम की गेंद पर स्टोक्स ने दो छक्के जमाये। वहीं अश्विन की गेंदों पर रूट/स्टोक्स दोनों ने मिलकर 3 छक्के मारे।

टपकाए कैचों की चमकार –

जी हां पहली पारी के दूसरे दिन इंग्लैंड के पहाड़काय 555 ब्रांड टोटल स्कोर की दमक में भारतीय टीम की ओर से टपकाए गए कैचों ने नील सी चमक का काम किया। एक तो इंग्लैंड के बल्लेबाज विकेट गिरने का कोई मौका नहीं दे रहे थे ऊपर से भारतीय खिलाड़ियों ने चार कैच टपका डाले।

पहला कैच तो दूसरे ओवर में बुमराह की पहली गेंद पर विकेट के पीछे दस्तानों में कच्चे ऋषभ पंत ने टपका कर गेंदबाजों की बोहनी खराब कर दी। फिर दूसरा मौका मिला तो अश्विन अपनी ही गेंद (109.3 ओवर) पर स्टोक्स का कैच नहीं पकड़ सके।

तीसरे टपकाए गए कैच में स्टोक्स को दूसरा जीवन दान मिला। इस बार नदीम (110.2 ओवर) की गेंद पर स्टोक्स का कैच पुजारा नहीं पकड़ सके। चौथा कैच टपकाया रोहित शर्मा ने।

वॉशिंगटन सुंदर इस छोड़े गए कैच के कारण विकेट के मामले में अभागे रहे क्योंकि मैच में उनको अब तक विकेट नहीं मिल पाया है। 174वें ओवर में सुंदर की पहली गेंद पर डोम बेस का कैच जब रोहित शर्मा ने टपकाया तब स्टोक्स का रिएक्शन देखने लायक था।

तीन रिव्यू तीनों फेल –

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पहली पारी के दूसरे दिन तीन रिव्यू लिए लेकिन तीनों बार निर्णय बल्लेबाजों के पक्ष में रहा। दो बार अश्विन की गेंद पर एक बार नदीम की गेंद पर कप्तान ने रिव्यू का फैसला लिया जो काम नहीं आया।

दूसरे दिन स्कोर -

पहले टेस्ट मैच में इंग्लिश बल्लेबाजों ने इंडियन बॉलर्स की वो धुलाई की कि; टीम इंडिया को दूसरे दिन का टोटल देखकर डिटर्जेंट पाउडर याद आ गया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद इंग्लैंड का स्कोर 180 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 555 रहा। जी हां इस नाम के डिटर्जेंट पाउडर का जिंगल भारत में लोगों को अक्सर गुनगुनाते सुना जा सकता है।

डिस्क्लेमरआर्टिकल स्कोरकार्ड पर आधारित है। इसमें शीर्षक-उप शीर्षक और संबंधित अतिरिक्त प्रचलित जानकारी जोड़ी गई हैं। इस आर्टिकल में प्रकाशित तथ्यों की जिम्मेदारी राज एक्सप्रेस की नहीं होगी।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co