तूफानी शुरुआत के बाद भारत ने बनाए 184

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी 20 मैच में निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 184 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया है।
तूफानी शुरुआत के बाद भारत ने बनाए 184
तूफानी शुरुआत के बाद भारत ने बनाए 184Social Media

कोलकाता। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी 20 मैच में तूफानी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई लेकिन अंतिम ओवरों में जोरदार प्रहारों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 184 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना ली हैं। सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना चुके भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत लोकेश राहुल और रविचंद्रन अश्विन को आराम देकर इशान किशन और युजवेंद्र चहल को टीम में लिया हैं। भारत को रोहित और किशन ने तूफानी शुरुआत दी और पहले छह ओवर में 69 रन ठोक डाले। रोहित और किशन दोनों ने ही इस दौरान जमकर शॉट लगाए। रोहित ने 56 रन की अपनी पारी का तीसरा छक्का लगाते हुए टी 20 में अपने 150 छक्के पूरे किए।

भारत को पहला झटका लेफ्ट आर्म स्पिनर मिशेल सेंटनर ने सातवें ओवर में किशन को आउट कर दिया। किशन ने 21 गेंदों पर 29 रन में सात चौके लगाए। सेंटनर ने इस ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव को भी पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। सूर्य लगातार दूसरे मैच में सस्ते में आउट हुए। ऋषभ पंत छह गेंदों में चार रन बनाकर सेंटनर के दूसरे और पारी के नौंवें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए। पंत का विकेट 83 के स्कोर पर गिरा। कप्तान रोहित ने चौका मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन फिर वह लेग स्पिनर ईश सोढी को रिटर्न कैच दे बैठे। रोहित ने आगे निकलकर जोरदार शॉट लगाया लेकिन गेंद सोढी के दाएं हाथ में जाकर जैसे चिपक गई। रोहित अपना 26वां अर्धशतक बनाने के बाद आउट हुए। उन्होंने 31 गेंदों पर 56 रन में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। रोहित का विकेट 103 के स्कोर पर गिरा।

श्रेयस अय्यर और वेंकटेश अय्यर ने पांचवें विकेट के लिए 36 रन जोड़े लेकिन इसके बाद एक रन के अंतराल में दोनों बल्लेबाज आउट हुए। वेंकटेश को ट्रेंट बोल्ट ने चैपमैन के हाथों कैच कराया जबकि श्रेयस को एडम मिल्ने ने आउट किया। वेंकटेश ने 15 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए जबकि श्रेयस ने 20 गेंदों में दो चौकों के सहारे 25 रन बनाए। हर्षल पटेल ने 11 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाए। अक्षर पटेल दो रन पर नाबाद रहे जबकि दीपक चाहर ने आठ गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 21 रन बनाए। भारत की पारी 184 रन के मजबूत स्कोर पर जाकर थमी। न्यूजीलैंड की तरफ से कप्तानी संभाल रहे सेंटनेर 27 रन पर तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 10 ओवर में 3 विकेट खो कर 68 रन बना लिए है। गुप्टिल 51 रन बना कर क्रिज पर मौजूद हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com