Commonwealth Games : हरमनप्रीत की हैट्रिक से जीता भारत
Commonwealth Games : हरमनप्रीत की हैट्रिक से जीता भारतSocial Media

Commonwealth Games : हरमनप्रीत की हैट्रिक से जीता भारत

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हरमनप्रीत सिंह के तीन गोल की बदौलत राष्ट्रमंडल खेल 2022 में गुरुवार को वेल्स को 4-1 से मात दी।

बर्मिंघम। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हरमनप्रीत सिंह के तीन गोल की बदौलत राष्ट्रमंडल खेल 2022 में गुरुवार को वेल्स को 4-1 से मात दी। भारत के आखिरी पूल-बी मैच में उपकप्तान हरमनप्रीत (18', 20', 41') ने तीन गोल किये, जबकि गुरजंत (49') ने एक गोल का योगदान दिया। वेल्स का एकलौता गोल गैरेथ फर्लान्ग (55') ने किया। भारत मैच की शुरुआत से ही विपक्षी वेल्स पर हावी रहा, हालांकि पहले क्वार्टर में किसी भी तरफ से गोल नहीं हुआ है। दूसरे क्वार्टर में पहुंचते ही भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया।

हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर-2 के तीसरे मिनट में विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को नेट तक पहुंचाया और फिर दो मिनट बाद ही गोलकीपर की बाई ओर गोल कर दिया। इस गोल के साथ ही वह राष्ट्रमंडल खेल 2022 में आठ गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गये। मैच के तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत पेनल्टी कॉर्नर में चूके, हालांकि 41वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को सफल बनाते हुए उन्होंने मैच में गोल की हैट्रिक पूरी की। गुरजंत की हॉकी का एकलौता गोल 49वें मिनट में आया, जब उन्होंने शमशेर के पास को दिशा दिखाते हुए नेट तक पहुंचाया। इस गोल को पहले खारिज किया गया था, लेकिन भारत के वीडियो रेफरल के बाद इसे वैध करार दिया गया।

वेल्स के फर्लान्ग ने अपनी टीम का सांत्वना गोल क्वार्टर-4 के 10वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर की बदौलत किया। इससे चार मिनट पहले फर्लान्ग को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन उनके शॉट को भारतीय गोलकीपर कृष्णा पाठक ने सफलतापूर्वक रोका। अपने आखिरी पूल मैच में जीत के बाद भारत चार मैचों में 10 पॉइंट के साथ पहले स्थान पर आ गया है। दूसरे स्थान पर सात पॉइंट के साथ इंग्लैंड है, जहां कनाडा के खिलाफ एक मैच खेलना अभी बाकी है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co