टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ी सर्वाधिक पदक जीतेंगे : श्रेयसी सिंह

अंतरराष्ट्रीय शूटर और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने टोक्यो ओलंपिक में शिरकत कर रही भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस ओलंपिक में भारत के खिलाड़ी सर्वाधिक पदक जीतेंगे।
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ी सर्वाधिक पदक जीतेंगे : श्रेयसी सिंह
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ी सर्वाधिक पदक जीतेंगे : श्रेयसी सिंहSocial Media

पटना। अंतरराष्ट्रीय शूटर और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने टोक्यो ओलंपिक में शिरकत कर रही भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस ओलंपिक में भारत के खिलाड़ी सर्वाधिक पदक जीतेंगे। सुश्री सिंह ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, केंद्र सरकार के पटना स्थित प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) एवं रीजनल आउटरीच ब्यूरो (आरओबी) द्वारा आज ''टोक्यो ओलंपिक एवं भारत" विषय पर वेबिनार को अतिथि वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी खिलाड़ी अथक परिश्रम की वजह से ही ओलंपिक जैसे महान खेल में पहुंचता है। खिलाड़ियों के लिए हार या जीत मायने नहीं रखती है, बल्कि उनकी भागीदारी महत्वपूर्ण होती है। मेरी शुभकामना है कि ओलंपिक में शामिल होने वाले भारतीय टीम अधिक से अधिक गोल्ड मेडल लेकर आएं।

उन्होंने कहा कि ओलंपिक खेलों में राष्ट्रगान की धुन के साथ भारत का तिरंगा हाथ में लेने पर न सिर्फ खिलाड़ी बल्कि सभी देशवासी भी गौरवान्वित महसूस करते हैं। यह पल शरीर में रोंगटे खड़े कर देने वाला होता है, जो हर खिलाड़ी महसूस करना चाहता है।

कॉमनवेल्थ गेम्स-2018 में स्वर्ण पदक विजेता ने कहा कि हॉकी का प्रदर्शन पूर्व की भांति ही सबसे बेहतरीन रहने वाला है और इसमें भारत निश्चित ही गोल्ड लेकर आएगा। बीते कुछ वर्षों में केंद्र सरकार की उत्कृष्ट खेल योजनाओं की वजह से खिलाड़ियों को काफी प्रोत्साहन मिला है। खेलो इंडिया, नेशनल टैलेंट सर्च ऐसी ही कुछ अच्छी योजनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि शूटिंग में कुल 15 खिलाड़ी ओलंपिक में भेजे गए हैं और मुझे उम्मीद है कि इनमें छह से सात मेडल भारत को अवश्य मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय शूटर और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुश्री सिंह ने कहा कि तीरंदाजी में झारखंड की दीपिका देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में वर्ल्ड रैंकिंग वन हैं और उनसे गोल्ड की पूरी उम्मीद है। भवानी देवी जोकि तलवारबाजी में शिरकत कर रही हैं, उनसे भी गोल्ड की पूरी उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि बिहार में टैलेंट की कोई कमी नहीं है लेकिन इसे निखारने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को एक आधार प्रदान करना होगा। मध्य प्रदेश का खेल एकेडमी पढ़ाई और खेल के बीच के संतुलन बनाए रखने का उत्कृष्ट उदाहरण है और हमें इससे सीख लेनी चाहिए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com