भारत के पहलवान बजरंग पूनिया ने टोक्यो ओलंपिक में जीता कांस्य

भारत के पहलवान बजरंग पूनिया ने टोक्यो ओलंपिक में तीसरे स्थान के मुकाबले में कमाल का प्रदर्शन करते हुए कजाखस्तान के दौलत नियाज बेकोव को शनिवार को 8-0 से पराजित कर देश के लिए कांस्य पदक जीत लिया।
भारत के पहलवान बजरंग पूनिया ने टोक्यो ओलंपिक में जीता कांस्य
भारत के पहलवान बजरंग पूनिया ने टोक्यो ओलंपिक में जीता कांस्यSocial Media

टोक्यो। भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया का स्वर्ण पदक जीतने का सपना भले ही पूरा नहीं हो पाया लेकिन वह शनिवार को यहां कजाखस्तान के दौलत नियाजबेकोव को 8-0 से हराकर टोक्यो ओलंपिक की कुश्ती प्रतियोगिता में पुरुषों के 65 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। भारत का कुश्ती में दूसरा पदक है। इससे पहले रवि दहिया ने कुश्ती में पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता था।

भारत ने इससे पहले लंदन ओलंपिक 2012 में छह पदक जीते थे तब कुश्ती में सुशील कुमार ने रजत और योगेश्वर दत्त ने कांस्य पदक हासिल किया था। रवि दहिया और बजरंग के प्रदर्शन से भारतीय कुश्ती दल को कुछ राहत मिली क्योंकि उनसे पदक की काफी उम्मीदें लगायी गयी थी। पदक की प्रबल दावेदार विनेश फोगाट क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पायी थीं।

बजरंग के कांस्य जीतने पर राष्ट्रपति ने दी बधाई :

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया को टोक्यो ओलंपिक की कुश्ती प्रतियोगिता में पुरुषों के 65 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, भारतीय कुश्ती के लिए एक खास पल। बजरंग पुनिया को टोक्यो 2020 में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। आपने वर्षों से अथक प्रयासों, निरंतरता और मेहनत के साथ खुद को एक उत्कृष्ट पहलवान के रूप में स्थापित किया है। आपकी सफलता की खुशी को हर भारतीय साझा कर रहा है।

बजरंग पूनिया पर हर भारतीय को गर्व : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में शानदार खेल का प्रदर्शन कर कुश्ती में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान बजरंग पूनिया को बधाई दी है और कहा है कि उन पर हर भारतीय को गर्व है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को एक ट्वीट कर कहा , '' टोक्यो से बड़ी शानदार खबर आई है। बजरंग पूनिया ने बड़ा ही जोरदार मुकाबला लड़ा। इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं। इससे हर भारतीय को खुशी तथा गर्व है।" उल्लेखनीय है कि बजरंग पूनिया ने फ्रीस्टाइल कुश्ती के 65 किलोग्राम भार वर्ग में कजाकिस्तान के पहलवान को हराकर कांस्य पदक जीता है।

बजरंग को 2 करोड़ 50 लाख रुपए और सरकारी नौकरी :

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें बधाई देते हुए 2.50 करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। खट्टर ने लिखा, टोक्यो 2020 में कांस्य पदक जीतने पर म्हारे (हमारे) पहलवान बजरंग पूनिया को बहुत बहुत बधाई। आपने कुश्ती के अखाड़े में अपने शानदार दाँव लगाकर पदक तो जीता ही साथ ही देश का दिल भी जीत लिया। उन्होंने कहा, ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमने बजरंग पूनिया को ढाई करोड़ की पुरस्कार राशि के साथ ही सरकारी नौकरी और रियायती दर पर जमीन देने का फैसला किया है। उन्होंने लिखा, इसके साथ ही बजरंग पूनिया के गांव खुडन में आधुनिक सुविधाओं से लैस इंडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com