IPL 2020 : मुंबई ने जीता रिकॉर्ड पांचवी बार आईपीएल का खिताब

IPL 2020 : रोहित शर्मा के शानदार अर्धशतक और ट्रेंट बोल्ट की घातक बोलिंग के दम पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराते हुए आईपीएल में इतिहास रच दिया।
IPL 2020 : मुंबई ने जीता रिकॉर्ड पांचवी बार आईपीएल का खिताब
IPL 2020 : मुंबई ने जीता रिकॉर्ड पांचवी बार आईपीएल का खिताबSocial Media

IPL 2020। रोहित शर्मा के शानदार अर्धशतक और ट्रेंट बोल्ट की घातक बोलिंग के दम पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराते हुए आईपीएल में इतिहास रच दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने बोल्ट के झटकों से उबरते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के अर्धशतकों की बदौलत 7 विकेट पर 156 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा ने (51 गेंद, 5 चौके 4 छक्के, 68 रन) की कप्तानी पारी के दम पर लक्ष्य बेहद आसानी से पा लिया। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में खिताबी पंच जड़ दिया है। इससे पहले उसने 2013, 2015, 2017, 2019 में खिताब जीते थे। बता दें कि मुंबई इंडियंस सबसे अधिक खिताब जीतने वाली टीम है।6 खिताबी मुकाबलों में 2 बार मुंबई ने लक्ष्य का पीछा किया। 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वह टारगेट चेज नहीं कर पाई थी।

रोहित और डि कॉक ने दी मुंबई को तेज शुरुआत :

157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने तूफानी अंदाज में शुरुआत की। पहला ओवर करने आए आर. अश्विन को रोहित शर्मा ने छक्का लगाकर अपने तेवर दिखाए तो दूसरे ओवर में कागिसो रबाडा को क्विंटन डि कॉक ने दो चौके और एक छकका जड़ डाले। फिर रोहित ने नॉत्र्जे को टारगेट किया और चौका-छकका जड़ दिया। महज 4 ओवरों में मुंबई का स्कोर 45 रन हो गए थे। हालांकि, क्विंटन डि कॉक 5वें ओवर की पहली ही गेंद पर स्टॉयनिश के शिकार हो गए। उनका कैच विकेट के पीछे पंत ने लपका। डि कॉक ने 12 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्का की मदद से 20 रन बनाए। यह अलग बात है कि इसी ओवर की अगली दो गेंदों में सूर्यकुमार यादव ने चौका-छक्का लगाते हुए मुंबई का स्कोर 50 रनों के पार पहुंचा दिया। छह ओवर के बाद मुंबई के 1 विकेट पर 61 रन थे। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार धांसू अंदाज में पारी आगे बढ़ा रहे थे कि 11वें ओवर में तेज सिंगल चुराने के चक्कर में रोहित दूसरी छोर पर पहुंच गए। हालांकि, शुरुआत से ही ना ना ना करते दिखने वाले सूर्यकुमार ने कप्तान को बचाने के लिए अपना स्टेशन छोड़ दिया। वह 20 गेंदों में 19 रन बनाकर लौटे। जब यह विकेट गिरा तो रोहित को अपनी गलती का अहसास हुआ। वह काफी निराश दिखे।

आईपीएल में यह दूसरा मौका जब दोनों कप्तानों ने जड़े अर्धशतक :

12वें ओवर में रोहित ने रबाडा को दो चौके जड़े और इस दौरान 36 गेंदों में इस सीजन की तीसरी हाफ सेंचुरी पूरी की। यह दूसरा मौका है कि किसी भी आईपीएल फाइनल में दोनों टीमों के कप्तानों ने हाफ सेंचुरी पूरी की है। इससे पहले 2016 में डेविड वॉर्नर और विराट कोहली ने फिफ्टी जड़ी थी। यह फइनल सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया था।

श्रेयस- पंत ने दिल्ली को संभाला :

श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने ट्रेट बोल्ट से मिले शुरुआती झटकों से उबरकर 7 विकेट पर 156 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया। दिल्ली का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 22 रन था लेकिन इसके बाद अय्यर (50 गेंदों पर नाबाद 65 रन, छह चौके, दो छक्के) और पंत (38 गेंदों पर 56 रन, चार चौके, दो छक्के) ने चौथे विकेट के लिए 96 रन जोड़कर स्थिति संभाली। बोल्ट ने 30 रन देकर 3 और नाथन कूल्टर नाइल ने 29 रन देकर 2 विकेट लिए। दिल्ली ने अंतिम तीन ओवरों में केवल 20 रन बनाए। अय्यर और पंत ने पारी संवारने का बीड़ा उठाया। इस बीच अय्यर जब 14 रन पर थे तब इशान किशन ने कवर पर उनका मुश्किल कैच छोड़ा। पूरे आईपीएल में रन बनाने के लिए जूझने वाले पंत ने शुरू में टिककर खेलने को प्राथमिकता दी और स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान दिया। दसवें ओवर में जब क्रुणाल पंड्या गेंदबाजी के लिए आए तो पंत ने दो गगनदायी छक्कों से उनका स्वागत किया। इसके कारण रोहित शर्मा को बुमराह को गेंद सौंपनी पड़ी थी। रोहित ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव किए लेकिन इन दोनों की एकाग्रता भंग करना मुश्किल था। अय्यर ने पोलार्ड पर अपनी पारी का पहला छक्का लगाया। पंत ने कूल्टर नाइल पर फाइन लेग पर चौका लगाकर इस सत्र का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। इसी ओवर में उन्होंने हालांकि आसान कैच देकर अपना विकेट इनाम में दिया। लेकिन अय्यर टिके रहे। उन्होंने 40 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया लेकिन बोल्ट ने दूसरे स्पैल में आकर शिमरोन हेटमायर (पांच) को नहीं टिकने दिया जिससे दिल्ली की डैथ ओवरों की रणनीति भी गड़बड़ा गई।

बोल्ट- जंयत ने दिए दिल्ली को शुरुआती झटके :

पिच से उछाल मिल रही थी और दिल्ली के बल्लेबाज शुरू में उससे सामंजस्य नहीं बिठा पाए। उसने पहले चार ओवर में ही मार्कस स्टोयनि, अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन के विकेट गंवा दिए थे। बोल्ट पिछले मैच में चोटिल हो गए थे लेकिन पूरी तरह से फिट होकर नई गेंद संभाली और पहली गेंद पर ही स्टोयनिस को विकेटकीपर क्विंटन डि कॉक के हाथों कैच कराकर दिल्ली के दांव का दम निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने नए बल्लेबाज रहाणे (दो) को भी विकेट के पीछे कैच कराया जबकि राहुल चाहर की जगह टीम में लिए गए जयंत यादव (25 रन देकर एक) ने धवन (15) को बोल्ड करके अपने चयन को सही साबित किया।

बोल्ट पावर-प्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज :

एक सीजन में पावर-प्ले के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में ट्रेंट बोल्ट ने मिशेल जॉनसन के रिकॉर्ड की बराबरी की। दोनों ने पावर-प्ले में 16-16 विकेट लिए हैं। बोल्ट ने 36 ओवर किए, जिसमें 13.5 की स्ट्राइक रेट और 6.72 की इकोनॉमी से 16 बल्लेबाजों को आउट किया। जॉनसन ने 2013 सीजन में यह उपलब्धि हासिल की थी।

आईपीएल में 200 मैच खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज बने रोहित :

रोहित शर्मा आईपीएल में 200 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में 200 मैच खेल चुके। रोहित लीग में मुंबई इंडियंस के अलावा डेक्कन चार्जर्स से भी खेल चुके हैं। मुंबई के लिए रोहित का यह 155वां मैच है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com