French Open : पहले दौर में आमने-सामने होंगे लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत
पेरिस। राष्ट्रमंडल खेल 2022 के गोल्ड मेडलिस्ट लक्ष्य सेन फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में मंगलवार को अपने हमवतन किदांबी श्रीकांत का सामना करेंगे। विश्व रैंकिंग में क्रमश: आठवें और 11वें स्थान पर विराजमान लक्ष्य और किदांबी अपने करियर में दूसरी बार एक दूसरे के आमने-सामने होंगे। दोनों खिलाडियों ने इससे पहले विश्व चैंपियनशिप 2021 में मुकाबला किया था, जहां किदांबी ने बाजी मारी थी। यह मैच जीतने वाला खिलाड़ी प्रतियोगिता के अगले दौर में डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन से भिड़ सकता है। लक्ष्य ने हाल ही में समाप्त हुए डेनमार्क ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टरफाइनल तक जगह बनाई थी जहां उन्हें जापान के कोडाई नाराओका से हारना पड़ा था।
हाल के दिनों में भारत के लिये अच्छा प्रदर्शन करने वाले एचएस प्रणय पहले दौर में मलेशिया के डेरेन ल्यू का सामना करेंगे। यह मुकाबला प्रणय के लिये तुल्नात्मक रूप से आसान है, क्योंकि प्रणय ने ल्यू के खिलाफ 11 में से सात मैचों में जीत दर्ज की है। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल अपने महिला एकल के शुरुआती दौर में जर्मनी की यवोन ली से भिड़ेंगी। साइना ने इससे पहले 2020 में जर्मन खिलाड़ी को मात दी थी।
राष्ट्रमंडल खेल 2022 में स्वर्ण पदक जीतने वाली सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी एकमात्र वरीय (सातवें) भारतीय जोड़ी है। वे अपने पहले मैच में फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव और टोमा पोपोव का सामना करेंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।