नीरज चोपड़ा ने 19 साल बाद भारत को दिलाया पदक
नीरज चोपड़ा ने 19 साल बाद भारत को दिलाया पदकSocial Media

नीरज चोपड़ा ने 19 साल बाद भारत को दिलाया पदक

टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने रविवार को इतिहास रचते हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की भाला फेंक प्रतियोगिता में रजत पदक जीता।

यूजीन। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने रविवार को इतिहास रचते हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की भाला फेंक प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। नीरज ने अमेरिका के यूजीन में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में 88.13 मीटर के थ्रो के साथ भारत को 19 साल बाद विश्व चैंपियनशिप पदक दिलाया। इससे पहले भारत का एकलौता विश्व चैंपियनशिप पदक 2003 में आया था, जब अंजू बॉबी जॉर्ज ने महिला लंबी कूद में कांस्य पदक जीता था। इसी के साथ नीरज विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय और पहले पुरुष एथलेटिक्स बन गए।

नीरज चोपड़ा के फाइनल की शुरुआत फाउल के साथ हुई। 24 वर्षीय नीरज ने दूसरे और तीसरे प्रयास में क्रमश: 82.39 मीटर और 86.37 मीटर का थ्रो किया। भारत को ओलंपिक में पहला स्वर्ण दिलाने वाले नीरज ने चौथे प्रयास में वापसी करते हुए 88.13 मीटर का थ्रो किया, जिसकी बदौलत वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उनका पांचवां और आखिरी थ्रो हालांकि फाउल रहा, लेकिन वह भारत को विश्व चैंपियनशिप का पहला रजत दिलाने में कामयाब रहे।

पूर्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने अपने खिताब की रक्षा करते हुए 90.54 मीटर के थ्रो के साथ लगातार दूसरी बार स्वर्ण हासिल किया। वहीं, ओलंपिक के रजत पदक विजेता जुकुब वाडलेक को 88.09 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इसी इवेंट में भारत के रोहित यादव ने 78.72 मीटर थ्रो के साथ 10वें स्थान पर रहे। इससे पहले के उनके दो प्रयास 77.96 मीटर और 78.05 मीटर रहे थे।

मोदी ने नीरज की ऐतिहासिक जीत पर दी बधाई :

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता नीरज चोपड़ा को उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए रविवार को कहा कि यह भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। श्री मोदी ने ट्वीट करके नीरज को बधाई दी और कहा, '' हमारे सबसे प्रतिष्ठित एथलीटों में से एक द्वारा एक बड़ी उपलब्धि! विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ऐतिहासिक रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। यह भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। नीरज को उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com