निकहत जरीन करेंगी एशियाई खेलों में भारतीय मुक्केबाजों की अगुवाई
निकहत जरीन करेंगी एशियाई खेलों में भारतीय मुक्केबाजों की अगुवाईSocial Media

निकहत जरीन करेंगी एशियाई खेलों में भारतीय मुक्केबाजों की अगुवाई

निकहत जरीन, शिव थापा और लवलीना बोरगोहेन 23 सितंबर से आठ अक्टूबर 2023 तक चीन के हांग्झोउ में होने वाले 19वें एशियाई खेलों में भारतीय मुक्केबाजी टीम का नेतृत्व करेंगे।

नई दिल्ली। दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन, रिकॉर्ड छह बार के एशियाई चैंपियनशिप पदक विजेता शिव थापा और टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन 23 सितंबर से आठ अक्टूबर 2023 तक चीन के हांग्झोउ में होने वाले 19वें एशियाई खेलों में भारतीय मुक्केबाजी टीम का नेतृत्व करेंगे। विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक और छह एशियाई चैंपियनशिप पदक जीतने वाले थापा 63.5 किलोग्राम वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी झोली में पहला एशियाई खेल पदक जोड़ना चाहेंगे।

टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोर्गोहेन 75 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी। हाल ही में दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने वाली निकहत अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना दबदबा जारी रखना चाहेंगी। तेलंगाना में जन्मी मुक्केबाज ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता और वह 50 किग्रा वर्ग में मुक्केबाजी करेंगी। भारतीय मुक्केबाजी संघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, ''इस दुर्जेय टीम ने इस प्रतिष्ठित आयोजन की तैयारी के लिये अथक परिश्रम किया है और मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि वे हमारे देश को गौरवान्वित करेंगे। भारत मुक्केबाजी परिदृश्य में परचम लहरा रहा है और उसने बड़े स्तर पर अपनी जगह बना ली है। हाल की विश्व चैंपियनशिप में हमारे मुक्केबाजों द्वारा असाधारण प्रदर्शन देखने के बाद हमें विश्वास है कि हम हांग्झोउ में भी ऐसा ही कुछ देखेंगे।

दीपक भोरिया 51 किग्रा फ्लाईवेट वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे। उन्होंने हाल ही में ताशकंद में पुरुष विश्व चैंपियनशिप में 2021 विश्व चैंपियन साकेन बिबोसिनोव को हराकर ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। विश्व चैंपियनशिप के एक और कांस्य पदक विजेता निशांत देव 71 किग्रा वर्ग में देश का भार अपने कंधों पर उठाएंगे। भारतीय टीम में क्रमश: हेवीवेट और सुपरहेवीवेट श्रेणियों में 2021 एशियाई चैंपियन संजीत कुमार (92 किग्रा) और 2022 एशियाई चैंपियनशिप मेडलिस्ट नरेंद्र बेरवाल (+92 किग्रा) भी शामिल होंगे। साल 2021 के विश्व युवा चैंपियन सचिन (57 किग्रा) और तीन बार के राष्ट्रीय चैंपियन लक्ष्य चाहर (80 किग्रा) प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय जर्सी पहनने वाले अन्य मुक्केबाज होंगे।

पिछले साल एशियाई चैंपियन बनने के अलावा विश्व चैंपियनशिप में कांस्य जीतने वाली परवीन हुड्डा 57 किग्रा वर्ग में देश की कमान संभालेंगी। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जैस्मीन लंबोरिया 60 किग्रा वर्ग में भाग लेंगी, जबकि 2021 विश्व युवा चैंपियन अरुंधति चौधरी 66 किग्रा वर्ग में रिंग में उतरेंगी। टीम में कुशल युवा मुक्केबाज प्रीति भी होंगी, जिनके नाम 2022 एशियाई चैंपियनशिप का कांस्य पदक है। मुक्केबाज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेंगे क्योंकि यह प्रतियोगिता 2024 पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफायर के रूप में काम करेगी।

एशियाई खेलों के लिये पुरुष मुक्केबाज : दीपक (51 किग्रा), सचिन (57 किग्रा), शिव थापा (63.5 किग्रा), निशांत देव (71 किग्रा), लक्ष्य चाहर (80 किग्रा), संजीत (92 किग्रा) और नरेंद्र (+92 किग्रा)।

एशियाई खेलों के लिये महिला मुक्केबाज : निकहत जरीन (50 किग्रा), प्रीति (54 किग्रा), परवीन (57 किग्रा), जैस्मीन (60 किग्रा), अरुंधति चौधरी (66 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा)।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com