Ranji Trophy : रजत पाटीदार का शतक, मध्य प्रदेश का चैंपियन बनना तय
Ranji Trophy : रजत पाटीदार का शतक, मध्य प्रदेश का चैंपियन बनना तयSocial Media

Ranji Trophy : रजत पाटीदार का शतक, मध्य प्रदेश का चैंपियन बनना तय

अपना पहला रणजी खिताब जीतने की कोशिश में फाइनल में 41 बार के विजेता मुंबई का सामना कर रही मध्य प्रदेश ने शनिवार को पहली पारी में 162 रन की लीड हासिल कर अपना एक हाथ ट्रॉफी पर जमा लिया है।

बेंगलुरु। अपना पहला रणजी खिताब जीतने की कोशिश में फाइनल में 41 बार के विजेता मुंबई का सामना कर रही मध्य प्रदेश ने शनिवार को पहली पारी में 162 रन की लीड हासिल कर अपना एक हाथ ट्रॉफी पर जमा लिया है। मुंबई के 374 रन के जवाब में एमपी ने पहली पारी में 536 रन बनाये और चौथे दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने दो विकेट पर 113 रन बना लिये हैं।

चौथे दिन के नायक रजत पाटीदार रहे जो 219 गेंदों पर 122 रन बनाकर एमपी की और से शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गये। पाटीदार ने अपनी पारी में 20 चौके लगाये। इनसे पहले यश दूबे (133) और शुभम शर्मा (116) भी मध्य प्रदेश के लिये पहली पारी में शतक जड़ चुके थे।

कप्तान आदित्य श्रीवास्तव के आउट होने के बाद जहां एक ओर मध्य प्रदेश विकेट गंवाती रही, पाटीदार ने एक छोर संभालकर रनों की गति को रुकने नहीं दिया। 483 रन पर सातवें विकेट के रूप में पाटीदार के आउट होने के बाद सारांश जैन (57) ने पारी को संभाला और मध्य प्रदेश की लीड को 165 रन तक पहुंचाया। सारांश ने 97 गेंदों की पारी में सात चौके लगाये।

तीसरे दिन सेंचुरियन यश दुबे को आउट करने वाले शम्स मुलानी ने चौथे दिन मुंबई के पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करते हुए पांच विकेट लिये, जबकि मोहित अवस्थी ने दो विकेट झटके। तुषार देशपांडे ने रजत पाटीदार के बहुमूल्य विकेट सहित तीन विकेट हासिल किये। मुंबई ने हालांकि एमपी की बढ़त को समाप्त करने की कोशिश में दूसरी पारी की शुरुआत तेजी से की।

पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतेगा एमपी :

यदि यह मैच ड्रॉ होता है तो मध्य प्रदेश पहली पारी में ज्यादा रन बनाने के आधार पर अपनी पहली रणजी ट्रॉफी जीत लेगी। यशस्वी जायसवाल के घायल होने के कारण पृथ्वी शॉ के साथ विकेटकीपर हार्दिक तमोरे बल्लेबाजी करने उतरे। शुरुआती दस ओवरों में मुंबई ने 61 रन जोड़े, मगर 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर कुमार कार्तिकेय ने तमोरे को बोल्ड किया। तमोरे ने 32 गेंद पर 25 रन बनाते हुए दो चौके और एक छक्का लगाया। तमोरे के आउट होने के बाद क्रीज पर आये अरमान जाफर ने कप्तान शॉ के साथ पारी की रफ्तार को बरकरार रखने की कोशिश की, मगर मध्य प्रदेश के गेंदबाजों ने लगातार ऑफ-स्टंप के बाहर गेंदबाजी की और रनों पर लगाम कसी। अंतत: शॉ के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने 16वें ओवर में गौरव यादव द्वारा दसवें स्टंप पर डाली गयी गेंद को पॉइंट पर खड़े दुबे के हाथों में थमा दिया। शॉ (52 गेंद 44 रन) के आउट होने के बाद क्रीज पर सुवेद पार्कर आये जिन्होंने दिन का खेल खत्म होने तक नौ रन बनाए हैं, जबकि जाफर 30 रन बनाकर खेल रहे हैं। मुंबई मैच में अब भी 49 रन से पीछे है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co