Tokyo Olympics : सिंधु ने जीता कांस्य, भारत को दिलाया तीसरा पदक

पिछले रियो ओलम्पिक की रजत विजेता और मौजूदा विश्व चैंपियन भारत की पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की ही बिंग जियाओ को 21-13, 21-15 से हराकर बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत लिया।
Tokyo Olympics : सिंधु ने जीता कांस्य, भारत को दिलाया तीसरा पदक
Tokyo Olympics : सिंधु ने जीता कांस्य, भारत को दिलाया तीसरा पदकSyed Dabeer Hussain - RE

टोक्यो। पिछले रियो ओलम्पिक की रजत विजेता और मौजूदा विश्व चैंपियन भारत की पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की ही बिंग जियाओ को रविवार को 21-13, 21-15 से हराकर बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत लिया और इसके साथ ही उन्होंने भारत को इन टोक्यो ओलम्पिक खेलों में तीसरा पदक दिला दिया।

सिंधु इसके साथ ही ओलम्पिक में लगातार दो पदक जीतने वाली देश की दूसरी खिलाड़ी और यह उपलधि हासिल करने वाली देश की पहली महिला खिलाड़ी बन गयी हैं। इससे पहले यह उपलब्धि पहलवान सुशील कुमार को हासिल थी जिन्होंने 2008 में बीजिंग ओलम्पिक में कांस्य और 2012 के लंदन ओलम्पिक में रजत पदक जीता था। सिंधु ने 2016 में रजत पदक जीता था और इस टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीता।

भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने इन खेलों में सबसे पहले रजत पदक जीता जबकि महिला मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहैन ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक पक्का कर दिया है। भारत अपने इस तीसरे पदक के साथ रियो ओलम्पिक में जीते अपने दो पदकों से आगे निकल गया है।

सिंधु के कांस्य पदक जीतते ही भारत के एकमात्र ओलम्पिक व्यक्तिगत स्वर्ण विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने सिंधु को बधाई देते हुए ट्विटर पर एक बधाई पत्र साझा करते हुए कहा कि सिंधु आपको बधाई। आपने हमें सुपर गौरव प्रदान किया है। भारत के केंद्रीय खेल मंत्रालय ने भी सिंधु को बधाई देते हुए कहा ,''चैंपियन आपको हार्दिक बधाई।''

श्रीमती सिंधिया ने दी पी.वी. सिंधु को बधाई :

मध्यप्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु को टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक हासिल करने पर बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। श्रीमती सिंधिया ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधु ने लगातार दूसरे ओलम्पिक में पदक जीतकर इतिहास रच दिया है और पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई है।

राहुल ने कांस्य पदक जीतने पर दी सिंधु को बधाई :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधु को टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन में देश के लिए पदक जीतने पर बधाई दी है। श्री गांधी ने ट्वीट कर कहा, ''पीवी सिंधु को ओलंपिक में भारत के लिए दूसरा पदक जीतने पर बहुत-बहुत बधाई।"

सिंधु को वेंकैया नायडू ने बधाई दी :

उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर पी.वी. सिंधु को बधाई दी। श्री नायडू ने रविवार को यहां जारी एक संदेश में कहा कि पी वी सिंधु की इस उपलब्धि पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है। उन्होंने कहा, ''टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन प्रतियोगिता में देश के लिए कांस्य पदक जीतने पर पी वी सिंधु को हार्दिक बधाई! आपकी सफलता दल के खिलाड़ियों को अपना बेहतरीन खेल प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगी।" श्री नायडू ने कहा, ''पी वी सिंधु के सुखद भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

राष्ट्रपति कोविंद ने सिंधु को दी बधाई :

श्री कोविंद ने कहा ,''पीवी सिंधु लगातार दो ओलम्पिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी हैं। उन्होंने प्रदर्शन में निरंतरता, समर्पण और श्रेष्ठता का नया आयाम स्थापित किया है। भारत को गौरव प्रदान करने के लिए मैं आपको बधाई देता हूं।''

प्रधानमंत्री मोदी ने सिंधु को दी बधाई :

श्री मोदी ने सिंधु के साथ अपनी हाथ मिलाते हुए एक फोटो ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, ''टोक्यो 2020 में कांस्य पदक जीतने पर आपको बधाई। आप भारत का गौरव हैं और देश की बेहतरीन ओलम्पियन में से एक हैं।''

भारत को पदक ही नहीं, सम्मान भी मिला : शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत की प्रतिभाशाली बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु द्वारा टोक्यो ओलंपिक में महिला बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर प्रदर्शन करते हुए सुश्री पी.वी.सिंधु ने भारत को पदक ही नहीं सम्मान भी दिलवाया है।

नीतीश ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर पी. वी. सिंधु को दी बधाई :

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टोक्यो ओलंपिक 2020 के बैडमिंटन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला खिलाड़ी पी. वी. सिंधु को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। श्री कुमार ने रविवार को यहां कहा कि पी. वी. सिंधु ने ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरी बाद पदक जीतकर एक कीर्तिमान स्थापित किया है, जिस पर हर भारतीय गौरवान्वित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पी. वी. सिंधु प्रगति की ऊंचाई के शीर्ष पर पहुंचे और भारत का नाम रोशन करती रहें, ऐसी मेरी कामना है।

हेमंत ने सिंधु को जीत की बधाई दी :

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ओलंपिक में भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु के कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। श्री सोरेन ने टोक्यो ओलंपिक में सुश्री पीवी सिंधु द्वारा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि पीवी सिंधु ने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है।

मिश्र ने ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने पर पी.वी. सिन्धु को बधाई दी :

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने टोक्यो ओलम्पिक खेलों में बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतने पर पी.वी. सिन्धु को बधाई दी है। श्री मिश्र ने कहा है कि सिन्धु ने अपने शानदार खेल से लगातार दूसरी बार ओलम्पिक खेलों में पदक जीत कर बेहतरीन उपलब्धि हासिल की है जिस पर पूरे देश को उन पर नाज है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com