टोक्यो पैरालंपिक : भारत के सिंहराज अदाना ने निशानेबाजी में जीता कांस्य

भारतीय पैरा निशानेबाज सिंहराज अदाना ने यहां मंगलवार को टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 श्रेणी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
टोक्यो पैरालंपिक : भारत के सिंहराज अदाना ने निशानेबाजी में जीता कांस्य
टोक्यो पैरालंपिक : भारत के सिंहराज अदाना ने निशानेबाजी में जीता कांस्यSocial Media

टोक्यो। भारतीय पैरा निशानेबाज सिंहराज अदाना ने यहां मंगलवार को टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 श्रेणी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। अवनी लेखड़ा के सोमवार को राइफल निशानेबाजी में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद टोक्यो पैरालंपिक में यह भारत का निशानेबाजी में दूसरा और ओवरऑल आठवां पदक है।

क्वालीफिकेशन राउंड में छठे स्थान पर रहे 39 वर्षीय सिंहराज ने फाइनल में 216.8 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि गत चैंपियन चीन के चाओ यांग ने फाइनल में 237.9 के पैरालंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण और उनके हमवतन हुआंग जिंग 237.5 के स्कोर के साथ रजत पदक जीतने में कामयाब रहे।

इस बीच 575 अंकों के साथ क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष पर रहे भारत के मनीष नरवाल फाइनल में बेहतर प्रदर्शन न कर सके और सातवें स्थान पर रहे, जबकि एक अन्य भारतीय निशानेबाज दीपेंद्र सिंह फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और खेल मंत्री ने सिंहराज को पदक जीतने पर दी बधाई :

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 श्रेणी स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले निशानेबाज सिंहराज अदाना को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

श्री कोविंद ने ट्वीट में कहा, '' सिंहराज अदाना का पैरालंपिक खेलों में निशानेबाजी में कांस्य पदक जीतना उत्कृष्ट लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उनके लचीलेपन और द्रढ़ संकल्प को दर्शाता है। इस अछ्वुत उपलब्धि के लिए आपको बधाई। देश को आप पर गर्व है। आने वाले वर्षों में आप और अधिक गौरव प्राप्त करें।"

"वहीं पदक जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने सिंहराज की काफी प्रशंसा की और उन्हें प्रतिभाशाली निशानेबाज बताया। उन्होंने ट्वीट में कहा, '' भारत के प्रतिभाशाली निशानेबाज सिंहराज अदाना ने असाधारण प्रदर्शन की बदौलत कांस्य पदक जीता है। उन्होंने कड़ी मेहनत की है और उल्लेखनीय सफलताएं हासिल की हैं। उन्हें बधाई और आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट संदेश में कहा, '' सफलता के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। निशानेबाज सिंहराज अदाना ने पैरालंपिक खेलों में पहली बार भाग लेते हुए पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 39 वर्ष की उम्र में कांस्य जीता है। उन्हें बधाई और शुभकामनाएं। टोक्यो पैरालंपिक में अब भारत के कुल पदकों की संख्या आठ हो गई है।"

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co