हमने 2022 का भरपूर फायदा उठाया : सविता पूनिया
हमने 2022 का भरपूर फायदा उठाया : सविता पूनियाSocial Media

हमने 2022 का भरपूर फायदा उठाया : सविता पूनिया

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया ने 2022 को अलविदा कहते हुए शनिवार को इस बात पर जोर दिया कि उनकी टीम ने इस साल का भरपूर फायदा उठाया।

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया ने 2022 को अलविदा कहते हुए शनिवार को इस बात पर जोर दिया कि उनकी टीम ने इस साल का भरपूर फायदा उठाया।सविता ने बीते एक साल पर नज़र डालते हुए कहा,“ कोविड-19 महामारी के कारण दो सालों तक बहुत सीमित हॉकी खेलने के बाद हम सौभाग्यशाली थे कि हमें इस वर्ष इतने रोमांचक टूर्नामेंट खेलने का मौका मिला। साल 2022 प्रतियोगिताओं से भरा हुआ था, और मुझे लगता है कि हमने इसका भरपूर लाभ उठाया। हमने अच्छी हॉकी खेलने पर ध्यान केंद्रित किया और इसने हमारी क्षमताओं को निखारने में काफी मदद की। ” अपनी पहले हॉकी प्रो लीग में तीसरे स्थान पर रहने से लेकर बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक कांस्य पदक हासिल करने तक भारतीय महिलाओं का यह साल शानदार रहा। सविता की टीम ने वर्ष के अंत में एफआईएच महिला नेशन्स कप 2022 का उद्घाटन संस्करण जीतकर अपने वार्षिक रिपोर्ट कार्ड पर चार चांद लगा दिए।

अगले साल के कैलेंडर पर नजरें गड़ाये सविता ने कहा, “ एफआईएच प्रो लीग के अगले सीजन में जगह पक्की करना शानदार अहसास है। साल 2023 के लिये हमारे लक्ष्य वही हैं। हम सुधार करते रहना चाहते हैं और हर बार बेहतर करना चाहते हैं। हमारे पास अगले साल एशियाई खेल निर्धारित हैं, और अंतिम लक्ष्य होगा कि पेरिस 2024 ओलंपिक में जगह पक्की करने के लिये वहां स्वर्ण पदक जीतें। ” भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिये भी 2022 यादगार पलों से भरा रहा। उन्होंने जकार्ता में नये खिलाड़ियों के साथ एशिया कप में कांस्य पदक जीता। इसके बाद भारतीय पुरुषों ने एफआईएच हॉकी 5एस खिताब और राष्ट्रमंडल खेलों का रजत पदक भी अपनी झोली में डाला। मनप्रीत सिंह की टीम ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021/22 में भी तीसरा स्थान हासिल किया।

भारतीय ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने पिछले 12 माह के प्रदर्शन को याद करते हुए कहा,“ हमने अच्छा प्रदर्शन किया। हमने इस साल अच्छी हॉकी खेली, लेकिन मेरा मानना ​​है कि हम इससे बेहतर कर सकते हैं। कुल मिलाकर, साल सकारात्मकता से भरा रहा। इसमें बहुत कुछ सीखने को मिला और हमारे पास एक अच्छी गति है जो हमें एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर में आगे बढ़ने में मदद करेगी। ” अगले महीने होने वाले विश्व कप के लिये नियुक्त हुए भारत के कप्तान हरमनप्रीत ने कहा,“हमारा तत्काल लक्ष्य अच्छा प्रदर्शन करना है और नये साल की शुरुआत विश्व कप में पोडियम पर जगह बनाने के साथ करना है। हमें अपनी घरेलू धरती पर प्रतिष्ठित कार्यक्रम में खेलने का एक और मौका दिया गया है और हम पोडियम पर रहकर अपने देश को गौरवान्वित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।” उन्होंने कहा, “ विश्व कप पूरे साल के लिये लय तैयार कर देगा। हमारे पास एशियाई खेल हैं, और इसमें हमारा लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है क्योंकि यह सुनिश्चित करेगा कि हम पेरिस 2024 ओलंपिक में जगह बना लें। एफआईएच प्रो लीग के मैच एशियाई खेलों की हमारी तैयारियों में अहम भूमिका निभाएंगे।”

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com