15 करोड़ में बिकेगा मलबा, जानिए ट्विन टावर को बनाने में आया था कितना खर्च?

रविवार दोपहर 2:30 बजे तेज धमाके के साथ यह विशालकाय 32 मंजिला ईमारत महज कुछ सेकंड में मिट्टी के ढेर में बदल गई। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे क्यों तोड़ा गया? चलिए जानते हैं।

राज एक्सप्रेस। आखिरकार लंबे समय से चर्चा में बने हुए नोएडा के सेक्टर 93-A स्थित ट्विन टावर को जमींदोज कर दिया गया है। रविवार दोपहर 2:30 बजे तेज धमाके के साथ यह विशालकाय 32 मंजिला ईमारत महज कुछ सेकंड में मिट्टी के ढेर में बदल गई। इस नज़ारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे थे। हालांकि ट्विन टावर को गिराने के साथ कई लोगों के मन में यह सवाल भी खड़ा हो रहा है कि ट्विन टावर को किसने बनाया था? इसे बनाने में कितना खर्च हुआ था? ट्विन टावर को क्यों तोड़ा गया? और इसे तोड़ने में कुल कितना खर्च आया होगा? तो चलिए आज हम इन्हीं सब सवालों के जवाब जानेंगे।

कौन है ट्विन टावर का मालिक?

दरअसल ट्विन टावर को सुपरटेक कंपनी ने बनाया था। इस कंपनी के मालिक का नाम आरके अरोड़ा है। जिन दो टावर को गिराया गया है, वहां कुल 950 फ्लैट्स बने चुके थे और इन्हें बनाने में 200 से 300 करोड़ रूपए खर्च किए गए थे। वहीं इन ट्विन टावर की मौजूदा कीमत 700 से 800 करोड़ रुपये थी।

क्यों गिराए गए ट्विन टावर?

दरअसल जिस जगह पर ट्विन टावर बनाए गए थे, नक्शे में उस जगह पर ग्रीन पार्क दिखाया गया था। इस मामले में नियमों की अनदेखी करके वहां निर्माण किया गया। शुरुआत में यहां 9 मंजिला ईमारत बनाने की अनुमति मिली थी, बाद में इसे 11 कर दिया गया। साथ ही पहले कुल 14 टावर बनाने की अनुमति थी, जिसे बाद में 17 कर दिया गया। इसके अलावा 16 और 17 टावर को 40 मंजिला करने की अनुमति दे दी गई। इस मामले में जमकर भ्रष्टाचार भी हुआ। साल 2012 में यह मामला हाईकोर्ट पहुंचा और साल 2014 में इसे गिराने का आदेश दिया गया। सुप्रीम कोर्ट से भी सुपरटेक कंपनी को कोई राहत नहीं मिली, जिसके बाद इसे गिरा दिया गया।

तोड़ने में कितना आया खर्च?

ट्विन टावर को गिराने में करीब 20 करोड़ रुपए का खर्च आया है और इस खर्च को भी सुपरटेक कंपनी ने ही वहन किया है। हालांकि कंपनी लगभग 5 करोड़ रूपए का भुगतान करेगी, जबकि करीब 15 करोड़ रुपए मलबे को बेचकर जुटाए जाएंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com