अमेरिका में 46वें राष्ट्रपति के रूप में जो बाइडेन ने ली शपथ
वाशिंगटन। अमेरिका में बुधवार को जो बाइडेन ने देश के 46वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताई है। राष्ट्रपति के साथ ही देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति के रूप में कमला हैरिस ने भी बुधवार को अपने पद की शपथ ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के नए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को बधाई और शुभकामनाएं दी। शपथ ग्रहण के बाद जो बाइडेन ने कहा कि "आज, हम एक उम्मीदवार की नहीं बल्कि लोकतंत्र की जीत का जश्न मना रहे हैं। लोगों और उनकी इच्छाओं को सुना गया है। हमने फिर से सीखा है कि लोकतंत्र अनमोल है, इस समय लोकतंत्र नाजुक है, मेरे मित्र लोकतंत्र प्रबल है।"
उन्होंने कहा कि "मैं उन ताकतों को जानता हूं जो हमें बांट रहे हैं। वे गहरे और और वास्तविक हैं। लेकिन मैं यह भी जानता हूं कि वे नए नहीं हैं। हमारा इतिहास अमेरिकी आदर्श के बीच एक निरंतर संघर्ष का रहा है। नस्लवाद, राष्ट्रवाद, भय, प्रदर्शन ने हमें अलग करने की कोशिश की है।"
अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश को सुरक्षित रखने और समृद्ध बनाने के अभियान में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन के सफल रहने की कामना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। ट्रंप ने कहा कि "अमेरिकी लोगों को अपने साझा मूल्यों के प्रति एकजुट होना चाहिए और पक्षपातपूर्ण नफरत की भावना से ऊपर उठना चाहिए।"
बोले जो बाइडेन - संविधान की रक्षा करूंगा :
जो बाइडेन ने अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। जो बाइडेन ने कहा कि "मैं संविधान की रक्षा करूंगा। मैं लोकतंत्र की रक्षा करूंगा और अमेरिका की रक्षा करूंगा। मैं वो हर काम करूंगा जो इस सेवा में किया जाता है।"
पीएम मोदी ने दी जो बाइडेन को बधाई :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के नए राष्ट्रपति जो बाइडेन को शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत-अमेरिका के संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी।
विदाई से पहले ट्रंप ने सभी का शुक्रिया अदा किया :
अपनी विदाई से पहले ट्रंप ने सभी का शुक्रिया अदा किया और राष्ट्रपति को 'अभूतपूर्व विशेषाधिकार' बताया। कहा कि "इस सप्ताह एक नए प्रशासन का आरंभ हो रहा है। अमेरिका को सुरक्षित रखने और समृद्ध बनाने के लिए उनकी (बाइडेन की) सफलता की कामना करता हूं। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और चाहते हैं कि वे सौभाग्यशाली रहे।"
डिस्क्लेमर : यह आर्टिकल न्यूज एजेंसी फीड के आधार पर प्रकाशित किया गया है। इसमें राज एक्सप्रेस द्वारा कोई संशोधन नहीं किया गया है।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।