चीन में ये बड़ी हस्तियां भी हो चुकी हैं गायब
चीन में ये बड़ी हस्तियां भी हो चुकी हैं गायबSyed Dabeer Hussain - RE

विदेश मंत्री ही नहीं बल्कि चीन में ये बड़ी हस्तियां भी हो चुकी हैं गायब

चीन के पूर्व विदेश मंत्री किन गैंग पिछले एक महीने से भी अधिक समय से लापता हैं। वैसे यह पहली बार नहीं है जब चीन में कोई हाईप्रोफाइल व्यक्ति इस तरह रातों-रात गायब हुआ है।

हाइलाइट्स :

  • चीन के पूर्व विदेश मंत्री पिछले एक महीने से भी अधिक समय से लापता हैं।

  • किन गैंग को आखिरी बार 25 जून को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान देखा गया था।

  • किन गैंग से पहले भी चीन के कई नामचीन लोग इसी तरह गायब हो चुके हैं।

राज एक्सप्रेस। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बेहद करीबी माने जाने वाले नेता और चीन के पूर्व विदेश मंत्री किन गैंग पिछले एक महीने से भी अधिक समय से लापता हैं। हाल ही में शी जिनपिंग ने उन्हें विदेश मंत्री के पद से भी हटा दिया है। ऐसे में किन गैंग इस समय कहां हैं, इसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। किन गैंग को आखिरी बार 25 जून को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान देखा गया था। वैसे यह पहली बार नहीं है जब चीन में कोई हाईप्रोफाइल व्यक्ति इस तरह रातों-रात गायब हुआ है। किन गैंग से पहले भी चीन के कई नामचीन लोग इसी तरह गायब हो चुके हैं।

जैक मा

चीनी कारोबारी और अली बाबा के फाउंडर जैक मा भी कभी अचानक ही गायब हो गए थे। किसी समय एशिया के सबसे अमीर आदमी रहे जैक मा साल 2020 में शी जिनपिंग सरकार की आलोचना करने के बाद लापता हो गए थे। लापता होने के महीनों बाद जैक मा को टोक्यो में देखा गया था।

शी जिनपिंग

खुद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी साल 2012 में राष्ट्रपति बनने से पहले कुछ समय के लिए गायब हो गए थे। इसके चलते वह सिंगापुर के तत्कालीन प्रधानमंत्री ली सीन लूंग और तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के साथ बैठक में भी शामिल नहीं हो पाए थे।

फैन बिंगबिंग

साल 2018 में चीन की सबसे महंगी अभिनेत्री फैन बिंगबिंग अचानक एक दिन गायब हो गई थी। उन्हें तीन महीने तक किसी गुप्त जगह पर रखा गया था। हालांकि तीन महीने बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था। कैद से बाहर आने के बाद फैन बिंगबिंग ने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार से माफी मांगी थी।

पेंग शुआई

चीन की टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई ने नवंबर 2021 में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री झांग गाओली पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। आरोप लगाने के कुछ दिन बाद ही पेंग शुआई कुछ समय के लिए गायब हो गई थीं। हालांकि इसके बाद जब वह सामने आईं तो उन्होंने यौन उत्पीड़न के आरोपों को खारिज कर दिया।

रेन झिकियांग

चीन के बिजनेस टायकून रेन झिकियांग ने साल 2020 में कोरोना को लेकर चीन की सरकार की आलोचना कार्य हुए शी जिनपिंग को ‘जोकर’ तक कह दिया था। इस बयान के बाद झिकियांग कुछ समय के लिए गायब कर दिए गए थे। उसी साल झिकियांग को भ्रष्टाचार के चलते 18 साल जेल की सजा भी सुनाई गई।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com