क्रोएशिया में भूकंप से 6 लोगों की मौत, पाकिस्तान में भी महसूस हुए झटके

बुधवार को क्रोएशिया और पाकिस्तान से भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए जाने की खबर सामने आई है। क्रोएशिया में भूकंप झटके इतने तेज थे कि, यहां आये भूकंप से बहुत कुछ तहस-नहस हो गया।
Earthquake in pak and croatia
Earthquake in pak and croatiaSocial Media

क्रोएशिया और पाकिस्तान। जहां, पूरी दुनिया कोरोना का दंश झेल रही है। वहीं, कुछ देश कोरोना के साथ ही भूंकप के झटकों का भी सामना कर रहे हैं। हाल ही में भारत के कई राज्यों से आए दिन भूकंप के झटके महसूस होने से लोगों की मुश्किलें व डर और अधिक बढ़ रहा था। वहीं, अब आज यानि बुधवार को क्रोएशिया और पाकिस्तान से भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए जाने की खबर सामने आई है।

क्रोएशिया में भूकंप से 6 लोगों की मौत :

आज भूकंप के यह झटके यूरोपीय देश क्रोएशिया की राजधानी ज़ाग्रेब में और पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में महसूस किए गए हैं। क्रोएशिया में भूकंप झटके इतने तेज थे कि, यहां आये भूकंप से बहुत कुछ तहस-नहस हो गया। कई मकान ढह गए जिससे 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों लोगों में एक 12 साल की लड़की भी शामिल है। यहाँ भूकंप की तीव्रता 6.3 बताई जा रही है। बता दें, भूकंप की यह तीव्रता काफी तेज मानी जाती है। इसका केंद्र ज़ाग्रेब से 46 किलोमीटर दूर जमीन की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में था।

भूकंप केंद्र के अधिकारियों ने बताया :

यूरोपीय भूमध्यसागरीय के भूकंप केंद्र के अधिकारियों ने इस भूकंप की जानकारी देते हुए कहा कि, 'शहर पेट्रींजा में कुछ 25,000 लोग रहते हैं। भूकंप से यहां 12 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई और कस्बे के पास के गांवों में 5 अन्य लोग मारे गए।' भूकंप के बाद क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक और सरकार के कुछ मंत्री हालात का जायजा लेने पेट्रिंजा शहर पहुंचे।

भाग-दौड़ में कई लोग घायल :

खबरों की मानें तो, क्रोएशिया में भूकंप में सबसे ज्यादा प्रभावित पेट्रिंजा शहर में एक इमारत, कार पर गिर गयी। इसके बाद मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मलबा हटा कर कार में फंसे एक व्यक्ति और उसके बेटे को अस्पताल पहुंचाया। भूकंप महसूस होते ही लोग मकानों से निकल कर सड़कों और पार्क की ओर भागे। इस भाग दौड़ में कई लोग घायल हो गए हैं। बता दें, पड़ोसी देशों सर्बिया, बोस्निया और स्लोवेनिया में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया।

इस्लामाबाद में भूकंप के झटके :

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में यह भूकंप के झटके बुधवार सुबह 11 बजकर पांच मिनट पर महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता इस्लामाबाद में 4.7 मापी गयी। पाकिस्तान में आये इस भूकंप की जानकारी नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने दी। यहां भूकंप के झटकों की तीव्रता तेज न होने के कारण किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com