देश में COVID-19 की स्थिति
देश में COVID-19 की स्थितिSocial Media

कोरोनावायरस! देश में COVID-19 की स्थिति, भारत में 23 की मौत

कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, COVID-19 से बचाव के लिए देशभर में 21 दिन के लॉकडाउन के साथ कई जगह कर्फ्यू, देश की आज की स्थिति जानें इस रिपोर्ट में...

राज एक्सप्रेस। देश मे कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 1003 हो गई है, जबकि 23 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही 78 लोग ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र के मुंबई में 85 वर्षीय सर्जन की शुक्रवार को मौत हो गई थी और शनिवार यानि आज मृतक की रिर्पोट आई, जिसमें पता चला कि मृतक कोरोना पॉजिटिव था। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीज 168 हैं, जबकि 5 लोगों की मौत हो चुकी है।

पीएम मोदी ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए की सहयोग की अपील, अक्षय कुमार ने किया 25 करोड़ का सहयोग

मजदूरों के पलायन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सभी तरह के इंतजाम का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर इतनी बड़ी संख्या में शहर छोड़कर जाएंगे तो कोरोना के मामलों में तेज़ी आएगी। स्कूल में नाइट शेल्टर का इंतजाम कर रहे हैं, जहां खाने पीने का इंतजाम है। लोगों से निवेदन है कि वो घर न जाएं।

कोरोना वायरस से बचाव के लिए हेल्पलाइन नम्बर

अहमदाबाद में एक और कोरोना मरीज की मौत हो गई है। गुजरात में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4 हो चुकी है। अब तक कोरोना के 54 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।

गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश देते हुए सभी बेघर लोगों के रहने, खाने आदि के प्रबंध करने को कहा है। लॉकडाउन की वजह से दूसरे राज्यों से आए मजदूरों की रोजगार चली गई है। उनके पास अपना कोई घर नहीं है, ऐसे में वो किराया चुकाने में भी असक्षम हैं इसलिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों को चिट्ठी लिखकर इस दिशा में जरूरी कदम उठाने का निर्देश जारी किया गया है। उसमें कहा गया है, लॉकडाउन के दौरान सभी राज्य अपने यहां रह रहे सभी बेघर और पलायित मजदूरों के लिए अस्थाई आवास, खाना, कपड़ा, दवाई आदि का प्रबंध सुनिश्चित करें।

नोएडा में पांच नए कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। जिसके बाद सभी मरीजों के घर सील कर दिए गए हैं। वहीं दिहाड़ी मजदूरों को राहत देते हुए नोएडा डीएम बीएन सिंह ने सभी मकान-मालिकों को निर्देश दिया है कि वो अपने यहां रहने वाले किसी भी कामगार मजदूरों से किराया नहीं वसूलें। अगर किसी भी मकान मालिक के खिलाफ किराया मांगने या किसी अन्य तरह के दबाव बनाने की शिकायत मिलती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पीएम मोदी ने देश के सभी मेडिकल संस्थानों से तैयार रहने को कहा है। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को AYUSH (आयुर्वेद, योग और नेचुरोपैथी, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी) प्रोफेशनल्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस करते हुए यह बात कही। उन्होंने तथ्य आधारित रिसर्च के लिए AYUSH वैज्ञानिकों, ICMR, CSIR और सभी शोध संस्थानों से साथ आने को कहा है। पीएम ने कहा कि देश के सभी हेल्थकेयर वर्कफोर्स को चुनौती के लिए तैयार रहना होगा। अगर जरूरत पड़े तो प्राइवेट डॉक्टर्स से मदद लीजिए जो AYUSH योजना से जुड़े हैं।

लॉकडाउन के बाद से दिहाड़ी मजदूरों की परेशानी बढ़ी हुई है। उनके पास ना तो रोजगार हैं और ना ही खाने के पैसे, ऐसे में वो पैदल ही वापस घर लौट रहे हैं। दिल्ली गाजीपुर बॉर्डर पर शनिवार को हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। जिसके बाद एक तरफ यूपी सरकार ने उन्हें घर तक पहुंचाने के लिए 1000 बसों की व्यवस्था की है तो वहीं दिल्ली सरकार भी डीटीसी बसें भेज रही हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम भी उन्हें घर भेजने के लिए डीटीसी बसें दे रहे हैं। हालांकि मैं उनसे अपील करूंगा कि वो जहां हैं वहीं रुकें, क्योंकि पूरे देश में अभी लॉकडाउन है।

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी तेजी से बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटों में 156 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इस तरह कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 906 हो गयी है। इनमें 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 के करीब लोगों को ठीक भी किया गया है।

कोरोना वायरस मरीजों की संख्या जिस तेजी से बढ़ रही है उसको लेकर सभी सरकारें परेशान हैं। वो हालात का मुकाबला करने की तैयारी में जुटी हैं। वहीं भारतीय रेलवे ने ट्रेन की बोगियों के अंदर ही आइसोलेशन वार्ड बनाने की व्यवस्था की है। बीच का बर्थ हटा दिया गया है साथ ही ऊपर चढ़ने के लिए दी गई सीढ़ियां भी हटा ली गईं है।बाथरूम में भी बदलाव किए गए हैं, जिससे कि मरीजों को वहां पर आइसोलेट रखा जा सके।

केरल के कोच्चि मेडिकल कॉलेज में एक 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। मृत शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसके बाद उन्हें कोच्चि मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। हालांकि शनिवार दोपहर उनकी मौत हो गई। जिला मेडिकल अधिकारी ने खुद इस बात की पुष्टि की है।

राजस्थान में दो और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस तरह राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। इस बारे में जानकारी साझा करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, 'राज्य में आज दो और कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। इनमें से एक शख्स (जिसकी उम्र23 साल है) अजमेर का रहने वाला है, जो पंजाब से वापस आया था। जबकि दूसरी एक 21 वर्षीय महिला है जो भीलवाड़ा की रहने वाली है। अब राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है।

भोपाल में शासकीय आदेशों के उल्लंघन करने के जुर्म में एक पत्रकार के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। उनपर अपराध संख्या 67/20 धारा 188, 269, 270 भारतीय दंड विधान का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। संबंधित पत्रकार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी गए थे। बाद में उन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

नोएडा में आवश्यक चीजों की डोर टू डोर डिलिवरी के लिए 1500 डिलिवरी बॉय होंगे। नोएडा अथॉरिटी ने 260 फार्मेसी, 450 किराने के सामान और ई-कॉमर्स के लिए डिलिवरी बॉय तय कर दिए हैं। आज से नोएडा में आवश्यक चीजों की होम डिलिवरी शुरू हो जाएगी।

जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण के दो नए केस आए हैं। राज्य सरकार के प्रवक्ता रोहित कंसल ने बताया कि दो नए केसों की पुष्टि हुई है। एक मामला राजौरी से आया है जबकि एक मामला कल सामने आया था।

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। मप्र की राजधानी भोपाल में आज तीसरा कोरोना पॉजिटिव का सामने आया है। वहीं, राज्य में 27 कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या हो गई है, साथ ही 2 की मौत हो चुकी है। मध्यप्रदेश के इंदौर में 15, जबलपुर में 6, शिवपुरी 2, भोपाल 3, ग्वालियर में 1 पॉजिटिव मरीज मिला है।

कोरोना वायरस से निपटने के लिए उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने अपनी एक महीने की सैलरी प्रधानमंत्री राहत कोष में दिया है।

विभिन्न राज्यों में फंसे यूपी के लोगों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि हमारे चीफ सेक्रेटरी ने दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा व राजस्थान के मुख्य सचिवों को पत्र लिख कर उनसे आग्रह किया है कि उत्तर प्रदेश के जो निवासी वहां रह रहे हैं, उनको वहां पर पूरी सुविधा दी जाए। वे लोग वहां से प्रस्थान न करें बल्कि वहीं उनके रहने की पूरी व्यवस्था कर दी जाए। सभी राज्य सरकारें इस पर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही हैं।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। ब्रिटिश पीएम का कोरोना का टेस्ट पॉजिटिव आया है। इससे पहले प्रिंस चार्ल्स के भी कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी सामने आई थी।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 12 और पॉजिटिव केस सामने आए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 147 हो गई है।

COVID-19 के चलते शिरडी के श्री साईनाथ ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 करोड़ का सहयोग किया।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में कोरोना वायरस के तीन नए मामले सामने आए हैं। जिन दो सोसाइटी में ये मामले पाए गए हैं, उन्हें सील कर दिया है। पूरी सोसाइटी को अब सेनेटाइज किया जाए। बता दें कि इससे पहले भी नोएडा की कुछ सोसाइटी में कोरोना के केस सामने आ चुके हैं, जिन्हें पहले ही सील किया गया था।

पंजाब में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है।

कर्नाटक में कोरोना वायरस की वजह से तीसरी मौत हुई है। यहां तुमकुर में 65 वर्षीय मरीज ने दम तोड़ दिया है।

तमिलनाडु में कोरोना वायरस के 6 नए मामले सामने आए हैं। 

कोरोना वायरस पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मीडिया को संबोधित कर कहा कि दिल्ली में अभी केस में कमी आई है, लेकिन अगर हालात बिगड़ते हैं तो हम पूरी तरह से तैयार हैं। अगर रोज 100 केस बढ़ते हैं तो अलग-अलग तरह से हमने तैयारी की है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बाहर के जो भी लोग दिल्ली में फंसे हैं, उनकी जिम्मेदारी भी हमारी ही है ऐसे में कोई भी चिंता ना करें।

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम जिले में कोरोना पॉजिटिव एक मरीज मिला है। इसी के साथ राज्य में कोरोना पीड़ितों की संख्या 12 पहुंच गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में अब तक 17 लोग अपनी जान कोरोना वायरस की वजह से गंवा चुके हैं, जबकि 66 लोग ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र के नागपुर में 5 लोग और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, इसी के साथ राज्य में कुल आंकड़ा 135 पहुंच गया है।

देश मे कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 694 हो गई है, जबकि 17 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही 45 लोग ठीक हो चुके हैं।

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक बुजर्ग की मौत हो गई है। प्रदेश में कोरोना वायरस से मौत का पहला मामला है। देश भर में मरने वालों की संख्या 17 हो गई है।

देश मे कोरोना वायरस से संक्रमित 66 लोग ठीक हो चुके हैं।

भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कोरोना संकट के बीच सांसद निधि से एक करोड़ की राशि देने का फैसला किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वो घरों से बाहर ना निकलें।

बिहार जा रहे लोगों को सही सलामत उनके शहर तक पहुंचाने के बारे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मैंने बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमीर मोदी से बात की है और उन्हें आश्वस्त किया है कि बिहार जाने वाले सभी लोगों की हिफाजत की जाएगी और उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचा दिया जाएगा।'

इंदौर कलेक्टर द्वारा शहर में कोरोना वायरस को बढ़ता देख हाई रिस्क सिटी के तहत 9 संक्रमित घरों एपिक सेंटर घोषित करते हुए इन घर से 3 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है। इस क्षेत्र के समस्त घरों का सर्वे निर्धारित प्रपत्र के अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इससे लगे 5 किलोमीटर की परिधि के अतिरिक्त क्षेत्र को बफर जोन घोषित किया गया है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने COVID-19 के लिए अपने एक महीने के वेतन को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान करने का निर्णय लिया है। साथ ही नितिन गडकरी ने कहा है कि सभी आगे आएं और इस महामारी के खिलाफ लड़ाई में योगदान दें।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन के चलते उत्तर प्रदेश के बॉर्डर पर आ रहे अन्य राज्यों को पैदल जाने वाले मजदूरों और कर्मकारों के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि उत्तराखंड निवासी सभी लोगों और बिहार जाने वाले सभी श्रमिकों और कर्मकारों एवं अन्य नागरिकों का पूरा ख्याल रखा जाएगा और इन व्यक्तियों को सुरक्षित उनके गन्तव्य स्थल तक भेजा जाएगा।

गुरुवार यानि आज 6 पॉजिटिव मरीजों की मौत हुई है। जिसमे मध्यप्रदेश के इंदौर में 35 साल के मरीज साल की मौत हुई है, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 65 वर्षीय मरीज, महाराष्ट्र के मुंबई में 65 साल के मरीज, गुजरात के भावनगर में 70 साल के मरीज और राजस्थान के भीलवाड़ा में एक मरीज की मौत हुई है, साथ ही 75 साल की महिला की मौत हुई है।

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस से दूसरी मौत सामने आई है। इंदौर में 35 साल के एक युवक की मौत हो गई। इससे पहले उज्जैन में 65 साल की एक महिला की मौत हुई थी।

DMCR के मुताबिक दिल्ली मेट्रो भी 14 अप्रैल तक बंद रहेगी। देश में 21 दिनों के लॉकडाउन के कारण ये फैसला लिया गया है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए अहम कदम उठाया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी निजी अस्पतालों को COVID-19 महामारी से लड़ने के लिए टेक ओवर करने का फैसला किया है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कोरोना वायरस की महामारी के चलते प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत हर परिवार को 5 किलो चावल या गेहूं और एक किलो दाल मुफ्त दी जाएगी। इसके अतिरिक्त हर परिवार को एक किलो मुफ्त दाल मिलेगी। हमारा यह कदम गरीबों के कल्याण के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता ह

महाराष्ट्र में एक और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया, राज्य में अब तक 125 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाये गए 

तेलंगाना में कोरोना वायरस के तीन नए केस सामने आए हैं।

कर्नाटक में कोरोना वायरस के चलते एक और मौत हो गई है। राज्य में 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 55 संक्रमितों की पुष्टि हुई है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य में अबतक 36 मामले सामने आए हैं। लोगों का अपने घर में रहना काफी जरूरी है। इसके अलावा अब दिल्ली में ऑनलाइन डिलीवरी करने वालों को इजाजत दे दी गई है। सभी डीएम, पुलिस अफसरों को इन्हें लागू करने को कहा गया है।

गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 65 वर्षीय मरीज ने दम तोड़ दिया। वहीं, महाराष्ट्र के मुंबई में 65 साल की महिला की मौत हुई। गुजरात के भावनगर में भी 70 साल के बुजुर्ग ने जान गंवाई।

गुरुवार यानि आज सुबह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में एक 65 वर्षीय कोरोना वायरस मरीज ने दम तोड़ दिया। इस व्यक्ति के संपर्क में आने वाले 4 लोग भी पॉजिटिव पाए गए हैं।

देशभर में कोरोना वायरस तेजी से फैलता जा रहा है। देश में कोरोना संक्रमित मरीज 953 की पुष्टि हुई है, जबकि 23 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही 66 लोग ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र और केरल में कोरोना से संक्रमित सबसे ज्यादा मरीज पाये गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 162 मामलों की पुष्टि हुई। इसके बाद में केरल 176 हैं। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पीएम मोदी द्वारा सम्पूर्ण देश में 21 दिन लॉकडाउन की घोषणा की गई है। 5 राज्यों में कर्फ्यू लगाया गया है। देशभर में लॉकडाउन और कर्फ्यू लागू करवाने के लिए पुलिस सड़कों पर है। पुलिस बैरिकेडिंग कर सिर्फ जरूरी कामों के लिए लोगों को आने जाने की इजाजत दे रही है।

देशभर में किन राज्यों में कितनी मौत:-

महाराष्ट्र - 4

दिल्ली - 1

कर्नाटक - 3

पंजाब - 1

बिहार - 1

प.बंगाल - 1

गुजरात - 4

हिमाचल प्रदेश - 1

तमिलनाडु - 1

मध्यप्रदेश - 2

जम्मू-कश्मीर - 1

राजस्थान - 1

केरल - 1

बुधवार को ही कोरोना संक्रमित तीन लोगों की मौत हुई। पहली मौत तमिलनाडु, उसके बाद मध्यप्रदेश के उज्जैन और फिर गुजरात के अहमदाबाद से एक-एक कोरोना मरीज की मौत की खबर आई। इससे पहले कोरोना संक्रमण से दिल्ली, मुंबई, कर्नाटक, पंजाब, पटना, हिमाचल प्रदेश, प.बंगाल और सूरत में मौत हो चुकी है।

देशभर के किस राज्य में कितने कोरोना संक्रमित मरीज:-

महाराष्ट्र - 162, केरल - 176, कर्नाटक - 74

राजस्थान - 50, उत्तर प्रदेश - 55, तेलंगाना - 59

दिल्ली - 40, गुजरात - 54, हरियाणा- 34,

पंजाब- 38, लद्दाख - 13, तमिलनाडु - 40,

चंडीगढ़ - 7, पश्चिम बंगाल- 11, आंध्रप्रदेश - 10

मध्यप्रदेश - 30, जम्मू-कश्मीर - 27, उत्तराखंड - 5

हिमाचल प्रदेश - 3, बिहार - 11, ओडिशा - 3

पुडुचेरी - 1, छत्तीसगढ़ - 6, मणिपुर - 1,

मिजोरम- 1, अण्डमान निकोबार- 2 समेत झारखण्ड, गोवा, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, में लॉकडाउन किया गया है।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com